- फलमंडी पुलिस बूथ की घटना, मनबढ़ों ने चार स्टूडेंट्स को पीटा

- विरोध में धरने पर बैठे घर वाले, पुलिस ने समझाकर खाली कराया रोड

GORAKHPUR: महेवा फलमण्डी पुलिस बूथ के पास बाइक से बाइक भिड़ने को लेकर दर्जनभर की संख्या में मनबढ़ों ने इंजीनियरिंग के चार स्टूडेंट्स को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। मनबढ़ 15 मिनट तक सड़क पर गुंडागर्दी करते रहे और उन्हें कोई रोकने वाला नहीं था। इस घटना से राहगीरों में भी भगदड़ मच गई। घायल चारों छात्रों ने अपने परिवारीजनों को सूचना दी। उनके पहुंचने पर सभी हाईवे पर धरने पर बैठ गए। घायल युवक और उनके परिजन हमलावर मनबढ़ों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। फलमंडी से दोनों तरफ गाडि़यों की लम्बी कतार लग गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रयास कर 45 मिनट बाद रास्ता खाली कराया।

लौट रहे थे घर

शाहपुर एरिया के पादरी बाजार रहने वाले अभिषेक मिश्र, भाई आशीष और उनके चाचा का लड़का आशुतोष तथा राप्तीनगर के रहने वाले अनुराग सिंह गीडा स्थित एक इंजीनियरिंग कॉलेज से बीटेक कर रहे हैं। बुधवार की शाम कॉलेज से छुट्टी के बाद वे बाइक से घर लौट रहे थे। फलमण्डी पुलिस बूथ के पास आशीष की बाइक में पीछे से एक अन्य युवक की बाइक टकरा गई। इसे लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। मामला गाली-गलौज तक पहुंच गया। बाइक सवार ने किसी को फोन किया जिसके बाद 15 से 20 की संख्या में युवक पहुंच गए।

गन्ने से पीटा

मनबढ़ों ने सड़क के किनारे गन्ने का जूस निकाल रहे व्यक्ति के ठेले से गन्ना उठा लिया और चारों छात्रों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटना शुरू कर दिया। घटना देखकर राहगीरों में भगदड़ मच गई। हमलावर उन्हें बेरहमी से पीटने के बाद वे फरार हो गए। छात्रों ने इसकी जानकारी अपने घरवालों को दी। उनके परिवारीजन मौके पर पहुंचें और सड़क जाम कर दी। सड़क जाम की सूचना पाकर कैंट पुलिस मौके पर पहुंची और समझा-बुझाकर उन्हें हटाने के प्रयास में लग गई। घायल युवक पुलिस से मनबढ़ों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। करीब 45 मिनट बाद पुलिस उन्हें समझाकर रास्ता खाली करा पाई। उन्होंने मनबढ़ युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

Posted By: Inextlive