नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन के बाद अब वार्डों में घमासान शुरू हो गया है. प्रत्याशी समर्थकों के साथ घर पहुंचकर चाची-भाभी और भैया प्रणाम कर उनसे अपने पक्ष में वोटिंग की अपील कर रहे हैं.


गोरखपुर (ब्यूरो)।यही नहीं अब प्रत्याशियों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो चुका है। कई जगह समर्थकों में नोकझोंक भी शुरू हो गई है। प्रत्याशियों के पक्ष में समर्थक जमकर नारेबाजी कर रहे हैं। जुलूस की शक्ल में निकल रहे प्रत्याशी प्रचार के माध्यम से अपना दमखम भी दिखा रहे हैं। हर वार्ड में लड़ाई नगर निगम के हर वार्ड में कांटे की टक्कर है। कोई विकास के दम पर अपने पक्ष में वोट मांग रहा है तो कोई वार्ड की बदहाल स्थिति को बताकर लोगों को अपने पाले में करने में जुटा हुआ है। घर-घर पहुंचकर प्रचार के दौरान समर्थक अपने प्रत्याशी का दमखम दिखा रहे हैं। समर्थक उत्साह में जमकर नारेबाजी भी कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर बता रहे खूबियां


प्रत्याशियों के समर्थक दिनभर वार्ड में प्रचार तो कर रहे हैं, साथ ही सोशल मीडिया पर भी अपने नेता की जमकर खूबियां गिना रहे हैं। सोशल मीडिया के हर प्लेटफार्म पर समर्थक अपने-अपने नेताओं की फोटो और प्रचार करते हुए वीडियो अपलोड कर रहे हैं। कोई विकास पुरुष बता रहा तो कोई महानायक। लोगों के भी खूब कमेंट आ रहे हैं। पार्षद कैंडिडेंट्स ने बताई प्राथमिकताएं

वार्ड 9 के भाजपा प्रत्याशी शशांक सोनकर का कहना है कि वार्ड में जलभराव की सबसे अधिक परेशानी है। नगर निगम का यह सबसे पिछड़ा वार्ड है। जीत के बाद सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराया जाएगा। वार्ड 5 की भाजपा प्रत्याशी हकीबुन निशा के पति बरकत अली ने बताया कि वार्ड में विकास न होने से लोगों को काफी परेशानी है। सड़क, बिजली, पानी की समस्या विकराल है। जीत पर सभी व्यवस्था बेहतर होंगी। वार्ड 29 की भाजपा प्रत्याशी मीरा यादव पत्नी मंता लाल यादव ने बताया कि वार्ड में जो भी विकास की कमियां अधूरी रह गईं हैं, उसे पूरा कराया जाएगा। अबकी बार वार्ड को सिटी में सबसे बेहतर वार्ड का सम्मान दिलाने की पहल होगी। वार्ड 7 के भाजपा प्रत्याशी उपेंद्र सिंह नन्हूं ने कहा कि जीत के बाद वार्ड का विकास इस तरह से होगा कि यह नजीर बनेगा। नाले-नालियों की समस्या को पूरी तरह से खत्म कराया जाएगा। वार्ड 65 के भाजपा प्रत्याशी आनंदवर्धन सिंह ने बताया कि वार्ड का समुचित विकास कराया गया है। हालांकि जहां भी कोई कमी है, उसे पूरा कराया जाएगा। जनता हित में कोई कोताही नहीं की जाएगी।

वार्ड 16 के बसपा निर्दल प्रत्याशी जयंत पांडेय ने बताया कि वार्ड में व्यवसायिक जमीनों को कूड़ा घर बना दिया गया है। इससे लोगों को मुक्ति दिलाई जाएगी। इसके साथ ही पार्क की बदहाल स्थिति को सुदृढ़ किया जाएगा। यहां की व्यवस्था काफी अच्छी की जाएगी। वार्ड 16 के भाजपा प्रत्याशी ऋषि मोहन वर्मा ने कहा कि वार्ड का जो विकास अधूरा रह गया है, उसे पूरा कराया जाएगा। साफ सफाई की व्यवस्था और बेहतर बनाया जाएगा। जनमानस के लिए सदैव उपलब्ध रहता हूं। वार्ड 19 की आप प्रत्याशी सविता राव ने बताया कि वार्ड में कोई विकास कार्य नहीं हुआ है। पार्षद चुने जाने के बाद वार्ड का समुचित तरीके से विकास कराया जाएगा। आमजनमानस को हर सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। मेयर कैंडिडेट्स बोले भाजपा से मेयर प्रत्याशी डॉ। मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि उनका स्वच्छता पर विशेष जोर रहेगा। शहर में जो योजनाएं चल रही हैं। उसमें सहयोग देते हुए पूरा कराया जाएगा। शहर को नई उपलब्धियां दिलाने और नई ऊंचाइयां पर ले जाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेगा।
कांग्रेस मेयर पद के प्रत्याशी नवीन सिन्हा ने कहा कि जीत मिली तो शहर को गंदगी से मुक्त कराया जाएगा। यहां कूड़ा सड़कों को पड़ा रहता है। निगम कर्मचारी हटाने की जहमत भी नहीं उठाते हैं। नगर निगम के अफसर समय से जनमानस से नहीं मिलते हैं। जलभराव और छुट्टा पशुओं से भी शहर को मुक्ति दिलाई जाएगी। बहुजन समाज पार्टी से मेयर प्रत्याशी नवल किशोर नथानी ने कहा कि मेयर बना तो नगर निगम के संविदा सफाई कर्मचारियों को नियमित करूंगा। इसके साथ ही उनकी सैलरी कम से कम 25 हजार रुपए दिलवाऊंगा। जनता ने मौका दिया तो जलभराव की समस्या को सबसे पहले दूर कराया जाएगा। नगर निगम के सभी वार्डों में मोहल्ला क्लीनिक भी खोला जाएगा। समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी काजल निषाद ने कहा कि जलभराव शहर की प्रमुख समस्याओं में से है। जनता ने मेयर बनाया तो इस समस्या के साथ छुट्टा पशुओं से शहरवासियों को निजात दिलाऊंगी। राजनीति का अच्छा अनुभव है, जीत के बाद शहर के लोगों को विकास के रूप में उसका लाभ भी मिलेगा। फैक्ट एंड फीगर नगर निगम के वार्ड - 80 कुल मतदान केंद्र - 191 कुल मतदान स्थल - 818 नगर निगम के पुरुष मतदाता - 5,75,826नगर निगम के महिला मतदाता - 4,72,636 कुल नगर निगम के मतदाता - 10,48,462

Posted By: Inextlive