जापान के पश्चिमी और मध्य में आए समुद्री तूफ़ान में कम से कम 20 लोगों की मौत हुई है जबकि 50 अन्य लापता बताए जा रहे हैं.

स्थानीय मीडिया में आ रही ख़बरों के मुताबिक़ टालस नामक ये तूफ़ान अपने साथ भारी बारिश और 108 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार की हवाएं लेकर आया और कुछ ही घंटों में भारी तबाही मचाई।

जापान के मौसम विभाग के अनुसार अब ये तूफ़ान जापान से आगे बढ़ चुका है और सी ऑफ जापान की ओर बढ़ रहा है। हालांकि मौसम विभाग ने ये चेतावनी भी दी है कि तेज़ हवाएं और भारी बारिश अभी जारी रह सकती हैं और इनसे बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बना रहेगा। जापान में इस मौसम में आया ये 12वां भीषण तूफ़ान है।

तबाही का मंज़र

शनिवार को आए इस भीषण तूफ़ान से एकाएक बढे हुए पानी में सैंकड़ों कारें बह गयीं है और लकड़ी की इमारतें टूट कर बिखर गई हैं। जापान की क्योडो न्यूज़ एजेंसी के मुताबिक़ देश के पश्चिमी और मध्यवर्ती इलाकों में करीब चार लाख़ साठ हज़ार लोगों को अपने घर खाली करने की हिदायत दे दी गई थी जिससे इस तूफ़ान के असर से बचा जा सके।

जिन इलाकों में सबसे ज़्यादा तबाही हुई है वे नारा और वाकायामा के इलाके बताये जा रहे हैं। वाकायामा के तनाबे शहर में हुए भूस्खलन में छह घर ज़मीन में धंस गए जिसमे तीन महिलाएं और दो स्कूली बचे लापता बताये गए हैं। इसी शहर से होकर बहने वाली नाची नदी के ऊपर का रेल पुल पूरी तरह बाढ़ के पानी में बह चुका है।

Posted By: Inextlive