- फर्जी कॉल सेंटर बनाकर ठगी करने वाले गिरोह पर्दाफाश

-बीमा कंपनी से रुपये वापस दिलाने के नाम पर देते थे झांसा

LUCKNOW: रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) का अधिकारी बनकर 40 लाख हड़पने वाले गिरोह के पांच जालसाजों को साइबर क्राइम सेल और इंदिरा नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ये सभी बीमा कंपनी से पॉलिसी के रुपये वापस दिलाने का झांसा देकर ठगी करते थे। इसके लिए गिरोह फर्जी कॉल सेंटर भी चलाता था।

दिल्ली व एनसीआर में सक्रिय था गैंग

यह गिरोह दिल्ली और एनसीआर में सक्रिय था। फर्जी कॉल सेंटर के माध्यम से लोगों को फोन कर बीमा पॉलिसी सरेंडर कराने का झांसा देकर मोटी रकम हड़प लेता था। इस दौरान ये खुद को आरबीआई अफसर बताते थे। जालसाज फर्जी नाम-पते पर सिम लेते थे। इन्होंने अलग-अलग बैंकों में खाते खुलवा रखे थे। जालसाजों ने इंदिरानगर निवासी महेंद्र सिंह को भी फोन कर उनकी बीमा पॉलिसी समय से पहले मेच्योर कराने का झांसा देकर कई बार में 40 लाख रुपये ठग लिए थे।

गैंग के पांच मेंबर्स अरेस्ट

एसीपी साइबर सेल विवेक रंजन के मुताबिक, पुलिस की टीमें लगातार जालसाजों पर निगाह रखे हुए थीं। हाल में गिरोह के चार ठगों साया अपार्टमेंट इंदिरापुरम निवासी जंगशेर सिंह, सिहानी गेट निवासी मंगल सिंह, टीला मोड़ निवासी सुमित और कविनगर निवासी मुशाहिद को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में पांच अन्य नाम सामने आए थे। छानबीन के दौरान गौतमबुद्धनगर के बादलपुर निवासी ललित सिंह, गंगोत्री विहार भजनपुरा वेस्ट घोंडा, दिल्ली निवासी राहुल, गांधीनगर नई दिल्ली निवासी अब्दुल रागिब, बिठूर कानपुर निवासी भानु प्रताप सिंह और सेक्टर डी, आशियाना लखनऊ निवासी अशोक कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।

Posted By: Inextlive