- एक मार्च से शुरू होने जा रही है स्वच्छता परीक्षा 2021

- 18 दिन में वेस्ट कलेक्शन 100 प्रतिशत पहुंचाना बड़ी चुनौती

LUCKNOW स्वच्छता परीक्षा 2021 के शुरू होने में सिर्फ 18 दिन शेष रह गए हैं, लेकिन अभी तक शत प्रतिशत घरों से वेस्ट कलेक्शन व्यवस्था शुरू नहीं हो सकी है। इसकी वजह से संभावना है कि स्वच्छता परीक्षा में निगम को अंकों का नुकसान उठाना पड़ सकता है। हालांकि यह भी स्पष्ट है कि पिछले तीन से चार महीनों में वेस्ट कलेक्शन की स्थिति में खासा सुधार भी हुआ है।

20 फीसदी घरों से कलेक्शन

इस्माईलगंज सेकंड वार्ड के इलाकों की बात करें तो यहां पर वेस्ट कलेक्शन के लिए दो गाडि़यां लगी हुई हैं जबकि वार्ड में 20 हजार से अधिक घर हैं। वार्ड के लोगों की मानें तो हर गली से वेस्ट कलेक्शन नहीं हो रहा है। पूर्व पार्षद रूद्र प्रताप सिंह का कहना है कि सिर्फ 20 फीसदी घरों से ही वेस्ट कलेक्शन हो रहा है।

इधर-उधर फेंकना पड़ता वेस्ट

वेस्ट कलेक्शन की प्रॉपर व्यवस्था न होने की वजह से लोगों को इधर-उधर वेस्ट फेंकने के लिए मजबूर होना पड़ता है। लोगों की मांग है कि वेस्ट कलेक्शन व्यवस्था को नियमित किया जाए। जिससे वार्ड की गलियों में स्वच्छता दिखे।

लोगों के वर्जन

अगर शत प्रतिशत घरों से वेस्ट कलेक्शन व्यवस्था शुरू हो जाए तो निश्चित रूप से जनता को खासी राहत मिलेगी साथ ही वार्ड भी स्वच्छ नजर आएगा।

एसपी मिश्रा, सनातन नगर

घरों से वेस्ट कलेक्शन तो हो रहा है लेकिन अब जरूरत है शत प्रतिशत घरों को वेस्ट कलेक्शन व्यवस्था से जोड़ने की, जिससे जनता को राहत मिले।

गौरव शुक्ला, शिवपुरी

बोले जिम्मेदार

यह बात सही है कि अभी वार्ड में शत प्रतिशत वेस्ट कलेक्शन नहीं हो रहा है। इस तरफ ध्यान दिया जाना चाहिए।

समीर पाल सोनू, पार्षद, इस्माईलगंज सेकंड वार्ड

--------------

कूड़ा तो उठता लेकिन 100 परसेंट नहीं

जगदीश चंद्र बोस वार्ड की बात की जाए तो इस वार्ड के इलाकों में भी शत प्रतिशत घरों से वेस्ट कलेक्शन नहीं होता है। जिसकी वजह से जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वार्ड में रहने वाले लोगों की माने तो 30 से 35 फीसदी घरों से ही वेस्ट कलेक्शन हो रहा है।

नियमित व्यवस्था शुरू हो

वार्ड के लोगों का यह भी कहना है कि घरों से वेस्ट कलेक्शन की नियमित व्यवस्था शुरू की जानी चाहिए। इसके साथ ही वेस्ट कलेक्शन गाडि़यों का समय भी निर्धारित होना चाहिए। जिससे पता रहे कि वेस्ट कलेक्शन की गाडि़यां कितने बजे आएंगी।

बोले जिम्मेदार

वार्ड में घरों से वेस्ट कलेक्शन तो हो रहा है लेकिन शत प्रतिशत नहीं। वर्तमान समय में 30 फीसदी घरों से ही वेस्ट कलेक्ट किया जा रहा है। इस तरफ ध्यान दिया जाना चाहिए।

सै। यावर हुसैन रेशू, पार्षद, जगदीश चंद्र बोस वार्ड

Posted By: Inextlive