LUCKNOW : राजधानी में मार्च माह में बढ़ती कोरोना संक्रमितों की संख्या थमने का नाम नहीं ले रही है। हर रोज संक्रमितों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। शुक्रवार को 90 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। वहीं शुक्रवार को सिर्फ 12 लोग कोरोना से ठीक होने के बाद विभिन्न अस्पतालों से डिस्चार्ज किए गए हैं। जबकि संक्रमण की वजह से एक मरीज की मौत भी हो गई है।

458 हो गए एक्टिव केस

अब राजधानी में कुल एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 458 हो गई है। जिसमें से 250 होम आइसोलेशन में हैं। शुक्रवार को 6870 लोगों के सैंपल जांच के लिए केजीएमयू भेजे गए और कंट्रोल रूम से 237 होम आइसोलेट मरीजों से स्वास्थ्य की जानकारी ली गई। वहीं हेलो डॉक्टर सेवा के तहत 0522-3515700 पर 26 मरीजों ने स्वास्थ्य परामर्श लिया। इसके अलावा कोविड कमांड कंट्रोल रूम 0522-4523000 और 2619145 पर संपर्क किया जा सकता है।

यहां मिले संक्रमित

राजधानी में कोरोना संक्रमितों की संख्या एक बार फिर उन्हीं इलाकों में बढ़ रही है, जहां पिछले साल काफी संख्या में मरीज मिले थे। शुक्रवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार इंदिरा नगर में सर्वाधिक 16 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। वहीं चिनहट में 8, अलीगंज में 7, रायबरेली रोड में 6, हजरतगंज में 4, गुडंबा में 4 लोग संक्रमण का शिकार बने हैं। इसके अलावा अन्य एरिया में भी कोरोना संक्रमित मिले हैं।

Posted By: Inextlive