हजरतगंज में मल्टीलेवल पार्किंग के सामने लगाई गई है प्रतिमा

21 जुलाई को सुबह 11 बजे से होगा कार्यक्रम, 150 लोग होंगे शामिल

LUCKNOW: प्रदेश के पूर्व मंत्री व बिहार और मध्य प्रदेश के राज्यपाल रहे स्वर्गीय लालजी टंडन की हजरतगंज में लगाई गई प्रतिमा के लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल होंगे। उनके कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति मिल गई है। इसके अलावा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और डा। दिनेश शर्मा भी मौजूद रहेंगे।

स्वर्गीय टंडन की पहली पुण्यतिथि पर प्रतिमा का लोकार्पण 21 जुलाई को सुबह 11 बजे से हजरतगंज मल्टीलेवल पार्किेंग के सामने होगा। कार्यक्रम का फेसबुक लाइव भी होगा। आमंत्रित लोग ही कार्यक्रम स्थल पर आ सकेंगे। कोरोना नियमों का पालन करते हुए 150 लोगों के ही जुटने की संभावना है। स्वर्गीय टंडन के पुत्र और नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन गोपाल ने बताया कि मुख्यमंत्री और रक्षा मंत्री की कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति मिल गई है।

कांस्य की यह प्रतिमा साढ़े बारह फीट ऊंची है। हजरतगंज मल्टीलेवल पार्किंग के सामने फांउटेन के पीछे यह प्रतिमा लगाई गई है। प्रतिमा के सामने बने पिंक पुलिस बूथ को भी हटाने का काम चालू हो गया है।

नगर निगम सदन का निर्णय

नगर निगम सदन ने स्वर्गीय टंडन की प्रतिमा लगाने का निर्णय लिया था। वह नगर निगम के सभासद भी रह चुके थे और लखनऊ के सांसद के साथ ही उनका हर वर्ग में सम्मान था। इसमें चौक में भी प्रतिमा लगाने की जगह खोजी गई थी लेकिन हजरतगंज में यह जगह उपयुक्त पाई गई थी। हजरतगंज के दुकानदारों ने ही महापौर संयुक्ता भाटिया से मिलकर लालजी टंडन की प्रतिमा हजरतगंज में लगाने का सुझाव दिया था।

अटल चौक के बगल में लगी प्रतिमा

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और लालजी टंडन के बीच अच्छे संबंध थे। हजरतगंज चौराहे को नगर निगम ने अटल चौक घोषित किया था तो इस चौक से कुछ कदम पर ही लालजी टंडन की प्रतिमा लगाई गई है।

Posted By: Inextlive