- योगी ने कहा, एक भी आरोपी बचने नहीं पाएगा

रुष्टयहृह्रङ्ख : कानपुर कांड में बदमाशों से मुकाबला करते हुए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले सीओ देवेंद्र कुमार मिश्र व तत्कालीन एसओ शिवराजपुर महेश कुमार यादव के परिवारीजन ने गुरुवार को सीएम योगी आदित्यनाथ से भेंट की। सीएम ने परिवारीजन से उन्हें मिली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही भरोसा दिलाया कि कानपुर कांड का एक भी आरोपी बचने नहीं पाएगा। सभी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होगी।

पूरी मदद की गई

अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि कानपुर कांड के सभी बलिदानी पुलिसकर्मियों के परिवारों को असाधारण पेंशन व अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। सीओ देवेंद्र कुमार मिश्र व उपनिरीक्षक महेश कुमार यादव के परिवारीजन ने मुख्यमंत्री से मिलने का समय मांगा था। गुरुवार को उनकी मुख्यमंत्री से भेंट कराई गई। परिवारीजन ने कानपुर कांड में हुई कार्रवाई को लेकर मुख्यमंत्री का आभार जताया। बलिदानी पुलिसकर्मियों के परिवारीजन को भविष्य में भी हर संभव मदद उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया गया है।

तीन जुलाई को हुआ था कांड

सीओ देवेंद्र मिश्र की पत्नी आशा मिश्रा, बड़ी बेटी वैष्णवी, छोटी बेटी वैशार्दी व रिश्तेदार कमलाकांत दुबे ने मुख्यमंत्री से भेंट की। सीओ का परिवार कानपुर में रहता है। बताया गया कि रायबरेली के सरेनी के दफपुरा बनपुरवा गांव निवासी उपनिरीक्षक महेश कुमार यादव की पत्नी सुमन, भाई राजेश कुमार व बेटे विवेक ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। तीन जुलाई को कानपुर के बिकरू गांव में कुख्यात विकास दुबे को पकड़ने गई पुलिस टीम पर बदमाशों ने हमला बोल दिया था। विकास दुबे व उसके साथियों ने आठ पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी थी।

Posted By: Inextlive