राजधानी का नजारा शुक्रवार को बदला-बदला सा नजर आ रहा था। अधिकतर प्रमुख चौराहों और मार्गों पर जाम लगा था। सुबह नौ बजे से ही शहर में बाहरी जिलों से वाहनों का प्रवेश शुरू हो गया था। लग्जरी गाड़ियों पर नेता और उनके समर्थक मौजूद थे। अमौसी एयरपोर्ट से लेकर इकाना स्टेडियम के आसपास की सड़कों पर जिधर देखो उधर दूर तक वाहनों का काफिला ही नजर आ रहा था। भाजपा मुख्यालय के पास भी दोपहर तक भारी भीड़ के चलते बार-बार जाम लगता और लोग उसमें फंसकर परेशान होते दिखाई दिए। भाजपा मुख्यालय पर भी खासी भीड़ नजर आ रही थी। अतिथि ग्रहों के बाहर भी नेताओं और विधायक और उनके समर्थकों का जमावड़ा था। वैसे तो शपथ समारोह इकाना स्टेडियम पर था लेकिन भीड़ का दबाव हजरतगंज तक में दिख रहा था।


लखनऊ (ब्यूरो)। किसी को तकलीफ न हो इसलिए ट्रैफिक विभाग ने शुक्रवार को सुबह से रात तक कई रूट्स पर डायवर्जन किया था। यही नहीं शहर के कई हिस्से में भारी वाहनों की इंट्री भी बंद थी। हालात को संभालने के लिए लखनऊ समेत कई जिलों से ट्रैफिक पुलिस कर्मियों की ड्यूटी भी लगाई गई थी। इसके बाद भी हालात बिगड़ते चले गए। घर से निकलने वाले लोग जाम से जूझते हुए अपने गंतव्य स्थानों पर पहुंचे। दस गुना से भी अधिक ट्रैफिक प्रेशर


शुक्रवार को राजधानी में आम दिनों की तुलना में दस गुना से भी ज्यादा ट्रैफिक प्रेशर रहा। पूरे प्रदेश से आए नेता व कार्यकर्ता चार पहिया वाहनों से राजधानी तो आ गए लेकिन सभी इकाना तक नहीं पहुंच सके। इसके चलते बहुत से लोगों ने शहर के प्रमुख बाजारों व एरिया में अपने व्हीकल खड़े कर दिए। जिससे उन एरिया में भी जाम लग गया जो शपथ ग्रहण समारोह स्थल से काफी दूर थे।सर्विस लेन व लिंक रोड भी जाम

शहर के प्रमुख इलाकों की सर्विस लेन व लिंक रोड भी दिनभर जाम रहीं। काम काज के लिए निकले लोगों को आम दिनों की तुलना में अपने गंतव्य तक पहुंचने में एक घंटे से भी ज्यादा का समय लग गया। पॉलीटेक्निक चौराहा, लोहिया पथ, गोमती नगर, सिकंदरबाग, निशातगंज, हजरतगंज, हुसैनगंज, मड़ियांव, सीतापुर रोड, आशियाना, चारबाग, कृष्णा नगर, कैंट, समेत कई इलाकों में दिन पर जाम की स्थिति बनी रही।

Posted By: Inextlive