- 95 हजार जालसाज ने रिटायर्ड जज से ठगे

- 3 बार में जालसाज ने मंगवाए गूगल पे से पैसे

- 2016 में जेल जा चुका है जालसाज

- पत्नी को आरटीओ बताकर रिटायर्ड जज को जालसाज ने लगाया चूना

- जमशेदपुर नंबर की हांडा सिटी को लखनऊ में रजिट्रेशन के नाम पर की ठगी

LUCKNOW: पत्नी को आरटीओ बताकर रिटायर्ड जज को जालसाज ने ठग लिया। रिटायर्ड जज ने युवक से अपनी हांडा सिटी को लखनऊ के नंबर का रजिस्ट्रेशन कराने के लिए संपर्क किया था। जालसाज ने करीब 95 हजार रुपये रोड टैक्स के नाम पर वसूल लिये और मोबाइल बंद कर गायब हो गया। रिटायर्ड जज ने ठगी का अहसास होने पर सुशांत गोल्फ सिटी थाने और साइबर क्राइम सेल में मामले की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी को ट्रेस कर हिरासत में ले लिया।

जमशेदपुर से खरीदी थी कार

जमशेदपुर से रिटायर्ड जज सुशांत गोल्फ सिटी में परिवार के साथ रहते हैं। उन्होंने जमशेदपुर में हांडा सिटी कार खरीदी थी, जिसे रिटायर्डमेंट के बाद लखनऊ लेकर आ गए थे। कार का रजिस्ट्रेशन और नंबर जमशेदपुर का था।

चेकिंग में अक्सर रोकी जाती थी गाड़ी

बाहर का नंबर होने के चलते रिटायर्ड जज की कार अक्सर पुलिस चेकिंग में रोकी जाती थी। इससे परेशान होकर उन्होंने कार का रजिस्ट्रेशन लखनऊ में कराने का निर्णय लिया। इसके लिए उनके बेटे ने ऑनलाइन गूगल पर सर्च किया। यहां से उन्हे एक मोबाइल नंबर मिला। फोन पर संपर्क करने पर अमित नाम के युवक ने उनसे कार का रजिट्रेशन लखनऊ में ट्रांसफर कराने की बात कही। अमित ने अपनी पत्नी को आरटीओ बताते हुए काम कराने का दावा भी किया था।

रोड टैक्स के नाम पर वसूले 95 हजार

रिटायर्ड जज के अनुसार अमित ने गाड़ी का रजिस्ट्रेशन ट्रांसफर कराने के लिए रोड टैक्स के नाम पर पैसे मांगे। उन्होंने तीन बार में अमित को 95 हजार रुपये का पेमेंट किया। जज साहब ने जब रोड टैक्स की रशीद मांगी तो अमित ने अपना मोबाइल बंद कर लिया। कई दिनों तक संपर्क न होने पर उन्हें ठगी का अहसास हुआ। इस पर उन्होंने इसकी शिकायत सुशांत गोल्फ सिटी और साइबर क्राइम सेल से की।

धोखाधड़ी के मामले में जा चुका है जेल

सुशांत गोल्फ सिटी और साइबर क्राइम सेल की टीम ने मोबाइल नंबर के जरिए अमित की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने उसे पिकनिक स्पॉट रोड पर दबोच भी लिया। वह पत्नी के साथ किराए के मकान में रहता है। पूछताछ में सामने आया कि अमित को कैसरबाग पुलिस ने 2016 में एक फ्रॉड के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है।

Posted By: Inextlive