इंग्लिश मीडियम के सेक्शन भी खोले जाएंगे, होंगे बड़े बदलाव

LUCKNOW : यूपी बोर्ड हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के एग्जाम अब साल में दो बार होंगे। वर्ष 2023 से बोर्ड स्टूडेंट्स को यह मौका दिया जाएगा। साल में दो बार बोर्ड एग्जाम होने से स्टूडेंट्स को ऐसे विषयों में नंबर बढ़ाने का मौका मिलेगा, जिनमें उन्हें कम अंक मिले हैं।

बिना तनाव दें एग्जाम

माध्यमिक शिक्षा विभाग की अपर मुख्य सचिव आराधना शुक्ला ने बताया कि बोर्ड के सभी स्टूडेंट्स को समान रूप से साल में दो एग्जाम देने का मौका मिलेगा। इससे स्टूडेंट्स बिना किसी तनाव के परीक्षा दे सकेंगे। एक बार एग्जाम अपने निर्धारित समय पर होंगे और दूसरी बार स्टूडेंट्स के परीक्षाफल में सुधार के लिए होंगे। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत यह बदलाव किए जाएंगे। राजकीय माध्यमिक स्कूलों में क्लास नौ से 12 तक के स्टूडेंट्स को अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाने की भी व्यवस्था होगी। माध्यमिक स्कूलों में एक सेक्शन अंग्रेजी माध्यम का खोला जाएगा।

अंग्रेजी माध्यम की पढ़ाई के लिए स्पेशल स्कूल

अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई के लिए विशेष सरकारी प्राइमरी स्कूल चलाए जा रहे हैं। इसके साथ ही विदेशी और शास्त्रीय भाषाओं को भी ऑनलाइन पढ़ाने की व्यवस्था की जाएगी। शैक्षिक सत्र 2021-22 में एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर इसे लागू कराया जाएगा।

रिपोर्ट कार्ड भी होगा चेंज

यूपी बोर्ड के स्कूलों में पढ़ रहे स्टूडेंट्स के व्यक्तित्व का संपूर्ण मूल्यांकन कर रिपोर्ट कार्ड तैयार किया जाएगा। क्लास नौ के स्टूडेंट्स को नए सत्र 2021-22 से ही नया रिपोर्ट कार्ड दिया जाएगा। जिसमें स्टूडेंट्स के संज्ञानात्मक, भावात्मक और साइकोमोटर डोमेन के आधार पर उनका मूल्यांकन होगा। यानी स्टूडेंट्स के कार्य करने की गति तथा समझने व विश्लेषण की क्षमता सहित अन्य बिंदुओं का आकलन किया जाएगा। शैक्षिक सत्र 2021-22 से ही आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस आधारित साफ्टवेयर तैयार किया जाएगा।

बाक्स

बदलेगा एग्जाम का पैटर्न

हाईस्कूल के एग्जाम का वर्ष 2023 और इंटर के एग्जाम का वर्ष 2025 से पैटर्न बदलेगा। क्लास नौ के स्टूडेंट्स के लिए नया पैटर्न 2021-22 से ही लागू होगा। प्रश्नपत्र दो भाग में होगा। पहला पेपर एक घंटे का होगा। इस प्रश्नपत्र में 30 प्रश्न बहुविकल्पीय होंगे और इनकी परीक्षा ओएमआर शीट पर कराई जाएगी। दो घंटे का दूसरा प्रश्नपत्र वर्णनात्मक होगा। यह 70 अंक का होगा।

Posted By: Inextlive