रैपिड रेल के लिए काम अब शताब्दीनगर से दिल्ली तक शुरू हो गया है

गुरुवार से दिल्ली में भी कामकाज ने शुरुआत कर दी

Meerut: रैपिड रेल के लिए काम अब शताब्दीनगर से दिल्ली तक शुरू हो गया है। वर्तमान में काम सिर्फ गाजियाबाद व मेरठ में ही चल रहा है, लेकिन गुरुवार से दिल्ली में भी कामकाज ने शुरुआत कर दी। दिल्ली में आनंद विहार से सरायकाले खां के बीच 3.50 किमी तक सड़क का चौड़ीकरण शुरू किया गया है। यहां पर सात मीटर रोड है जिसे चौड़ी करके 12 मीटर की जाएगी। इसके बाद यहां पर पिलर बनाने का काम शुरू होगा। गौरतलब है कि आनंद विहार का स्टेशन भूमिगत बनेगा, जिसके लिए टेंडर अभी प्रक्रिया में है। दिल्ली में अभी काम की शुरुआत नहीं हुई थी। 82 किमी वाले इस कॉरिडोर पर सबसे पहले दुहाई से गुलधर तक काम शुरू हुआ फिर इसे बढ़ाकर साहिबाबाद तक पहुंचाया गया। साहिबाबाद उप्र का स्टेशन है, इसके बाद दिल्ली का न्यू अशोक नगर स्टेशन आ जाएगा।

शताब्दीनगर से मोदीपुरम

शताब्दीनगर से दिल्ली के सरायकाले खां तक काम शुरू हो गया है। अब इस कॉरिडोर पर शताब्दीनगर से मोदीपुरम तक के हिस्से पर काम शुरू होना है। इस हिस्से को दो पैकेज में बांटा गया है। पहले पैकेज का नाम है पैकेज-सात जिसमें तीन भूमिगत स्टेशन बनेंगे। दूसरा है पैकेज-आठ। इसमें इस हिस्से के एलिवेटेड स्टेशन बनेंगे। दोनों पैकेज के लिए टेंडर प्रक्रिया में है। कुछ महीने में किसी न किसी कंपनी को टेंडर अवार्ड हो जाएगा जिसके बाद काम शुरू हो जाएगा।

Posted By: Inextlive