नगर निगम पहुंचे कैंट विधायक, मुख्य अभियंता का इंकार

Meerut: मलियाना में पायलट स्कूल वाली गली में कैंट विधायक ने 20 फीट चौड़ी सड़क बनाने का प्रस्ताव दिया है, जिससे निगम ने इनकार कर दिया है। इस मामले को लेकर बुधवार को कैंट विधायक खुद निगम पहुंच गए। लेकिन मुख्य अभियंता ने स्पष्ट कह दिया कि राजस्व अभिलेखों में उक्त सड़क 8 फीट चौड़ी चकरोड मात्र है। किसी की निजी भूमि पर निगम सड़क नहीं बनाएगा।

जानकारी मांगी

बुधवार को कैंट विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल दर्जनों कार्यकर्ताओं के साथ नगर निगम पहुंचे। मुख्य अभियंता से उन्होंने एक सप्ताह पहले भेजे गए प्रस्तावों की जानकारी मांगी। मलियाना में पायलट स्कूल वाली गली का निर्माण न कराए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई।

बीस फीट चौड़ा करने का प्रस्ताव

मुख्य अभियंता ने कैंट विधायक से स्पष्ट कहा कि जिस सड़क को बीस फीट चौड़ा करने का प्रस्ताव दिया गया है वह राजस्व अभिलेखों में मात्र 8.25 फीट चौड़ा चकरोड है। आसपास निजी जमीन है। एक ओर शुगर मिल की जमीन है। उन्होंने शुगर मिल की जमीन पर निर्माण न करने का पत्र भी भेज रखा है। चीफ ने कहा कि उक्त मार्ग राजस्व अभिलेखों में जितना होगा निगम केवल उतना ही बना सकता है।

टेंडर प्रक्रिया में है प्रस्तावे

कैंट विधायक ने एमडीए से हस्तांतरित हुई तीन कालोनियों के विकास के लिए एमडीए से मिली 17.89 करोड़ की राशि को उन्हीं कालोनियों के विकास में खर्च करने का निर्देश दिया। मुख्य अभियंता ने उन्हें बताया कि उक्त राशि से विकास कराए जा चुके हैं। नाममात्र पैसा बचा है उसके प्रस्ताव भी टेंडर प्रक्रिया में हैं।

Posted By: Inextlive