बुलेट के प्रति बढ़ रही युवाओं की दीवानगी

छह माह में 1470 से अधिक बुलेट का रजिस्ट्रेशन

Meerut। एक समय था जब किसी घर में बुलेट का होना हाथी पालने के बराबर माना जाता था। उस समय लोगों की शान और उनके रूतबे की पहचान बुलेट से हुआ करती थी। मजबूत और दमदार सवारी मानी जाने वाली बुलेट की लोकप्रियता आज भी बरकरार है। आज स्टाइलिश बाइकों के बीच भी बुलेट का क्रेज युवाओं के सिर चढ़कर बोल रहा है। आंकड़ों के मुताबिक पिछले पांच माह में 1470 बुलेट का आरटीओ में रजिस्ट्रेशन हुआ है।

हो रहे रजिस्ट्रेशन

आरटीओ विभाग के आंकडों पर नजर डालें पिछले साल अक्टूबर माह से इस साल फरवरी माह तक बुलेट के करीब 1470 अलग-अलग वैरियेंट्स का विभाग में रजिस्ट्रेशन हुआ है। इन रजिस्ट्रेशन में बुलेट का क्लासिक मॉडल युवाओं की पहली पसंद है। इसलिए क्लासिक मॉडल के करीब 481 रजिस्ट्रेशन हुए हैं।

दो माह की वेटिंग

बुलेट के प्रति दीवानगी का यह आलम है कि युवा आज पावर बाइक से ज्यादा बुलेट की मजबूती का पसंद कर रहे हैं। इसी पसंद के कारण बुलेट की दो-दो की एडवांस बुकिंग हो रही है। मेरठ में बुलेट के दो शोरूम हैं, जिनमें प्रति माह 200-300 बुलेट बिकने का एवरेज आ रहा है।

बुलेट के रजिस्ट्रेशन में तेजी आई है। प्रति माह 200 से अधिक बुलेट का रजिस्ट्रेशन विभाग में हो रहा है।

केपी मिश्रा, परमिट विभाग प्रभारी

बुलेट को पहले से ज्यादा कंफर्टेबल बनाया गया है। इसलिए पुरूषों के हर वर्ग की पहली पसंद बन गई है। हर माह करीब 150 से अधिक बुलेट की बिक्री हो रही है।

पंकज, रॉयल इनफील्ड शोरुम, गढ़ रोड

बुलेट एक दमदार बाइक है, जिसको चलाने में एक अलग मजा आता है। इसकी टशन ही अलग है।

रजनीश

बुलेट की आवाज और पॉवर इसकी खासियत है। यह सब किसी दूसरी बाइक में नहीं है। इसलिए इसको काफी अधिक पसंद किया जा रहा है।

सुबोध

Posted By: Inextlive