भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे की मां ने हत्या का आरोप लगाया मां की तहरीर पर समर सिंह समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज

वाराणसी (ब्यूरो)भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे सुसाइड केस में सोमवार को नया मोड़ आ गया। मुंबई से वाराणसी पहुंची आकांक्षा की मां मधु दुबे ने सुसाइड नहीं, बल्कि बेटी की हत्या की बात कहकर सनसनी फैला दी। आरोप लगाया कि समर सिंह और उसके भाई संजय सिंह ने 21 तारीख को धमकी दी और 27 तारीख को उसकी बेटी की मौत हो जाती है। मां की तहरीर पर सिंगर समर सिंह समेत 4 लोगों के खिलाफ धारा 306 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। उधर, महमूरगंज पब में मौजूद लोगों ने आकांक्षा के साथ गड़बड़ किया, जिससे वह भड़क गई और बीच में पार्टी छोड़कर चली गई थी। पुलिस का मानना है कि पब में मौजूद लोगों के सामने आने के बाद ही मामले में जांच आगे बढ़ेगी.

गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

मुदकमा दर्ज होने के बाद सारनाथ पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपी समर सिंह और उसके भाई की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। सोमवार को वाराणसी और आजमगढ़ में समर सिंह के आवास पर सारनाथ पुलिस ने दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिला। वाराणसी से लेकर नेपाल बार्डर तक पुलिस की नजर है। आरोपियों को पकडऩे के लिए सर्विलांस की मदद ली जा रही है।

पब में क्या हुआ

सुसाइड वाले दिन शनिवार को भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे बर्थडे पार्टी में शामिल होने के लिए महमूरगंज स्थित पब में गई थी। वहां आकांक्षा के अलावा कई और लोग भी थी। सभी ने बर्थडे सेलिबे्रट किया। इसी बीच आकांक्षा दुबे के साथ कुछ हुआ था, जिससे वह काफी गुस्सा थी। पब में आकांक्षा दुबे के साथ क्या हुआ, इसकी जानकारी पुलिस कर रही है। पब में लगे सीसीटीवी कैमरे से डिटेल खंगाली जा रही है।

ओला का ड्राइवर परिचित

पब में बात बिगडऩे पर आकांक्षा बाहर निकल आई। ओला की टैक्सी बुककर खुद होटल के लिए निकली। करीब दो बजे होटल पहुंची थी। होटल के मैनेजर ने बताया कि जब वह वापस आई थीं, तो उनको छोडऩे एक युवक भी आया था। रात सवा दो बजे वह युवक होटल से बाहर निकला। करीब 17 मिनट वह युवक होटल में रहा। पुलिस ने युवक की पहचान टिकरी के संदीप के तौर पर की है। वह आंकाक्षा को पहले से जानता था.

हाथ लगी अहम जानकारी

सारनाथ पुलिस ने संदीप को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी पता लगा रही है कि आकांक्षा कहां और किस पार्टी में गई थी। उस पार्टी में ऐसा क्या हुआ था कि वहां से लौटने के बाद वह आत्महत्या करने को मजबूर हो गईं। संदीप ने पुलिस को कई अहम जानकारियां दी हैं, जिससे बहुत जल्द ही इस मामले से पर्दा उठ सकता है.

समर सिंह है दोषी : आकांक्षा की मां

मुंबई से सोमवार को बनारस पहुंची आकांक्षा की मां मधु दुबे ने सारनाथ थाने में सिंगर समर सिंह, उनके भाई और दो अन्य सहयोगी के खिलाफ केस दर्ज कराया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या हुई है। भोजपुरी सिंगर समर सिंह इसका दोषी है। उसने बेटी को रिलेशनशिप में धोखा दिया है। समर बेटी को तीन साल से प्रताडि़त कर रहा था। फिल्म में काम करने पर पैसा नहीं देता था। जब भी आकांक्षा काम के पैसे मांगती थी, तो उसके साथ मारपीट करता था। इतना ही नहीं, किसी दूसरे की फिल्म या गाने में काम करने पर भी मारता-पीटता था.

बैठ कर कैसे लगाई फांसी

मां ने कहा कि देर रात तक वह पार्टी करके आई थी। इसके बाद उसका होटल में शव मिला। देखकर कहीं से ऐसा नहीं लग रहा था कि उसने आत्महत्या की है, क्योंकि उसके दोनों पैर मुड़े हुए थे और बिस्तर के नीचे लटक रहे थे। मधु दुबे ने यह भी आरोप लगाया कि उसे काम के बदले पैसे नहीं दिए जा रहे थे.

आकांक्षा दुबे की मां की तहरीर पर समर सिंह समेत चार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। महमूरगंज पब के सीसीटीवी से फुटेज निकाली जा रही है। बहुत कुछ जानकारियां मिली हैं। बहुत जल्द ही इस सुसाइड केस से पर्दा उठ जाएगा।

ज्ञान प्रकाश सिंह, एसीपी सारनाथ

Posted By: Inextlive