बीजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत अंजानी के टोला बकरिहवा में सोमवार की रात लड़की के घर धूमधाम से बारात आई। घराती के लोग आवभगत कर द्वार पूजा कराकर जयमाला की तैयारी में जुट गए।


वाराणसी (ब्यूरो)सोनभद्र के बकरिहवां गांव में सोमवार की रात खाना के दौरान हुए विवाद के बाद बरातियों और घरातियों में जमकर मारपीट और पथराव हुआ। इसमें दोनों पक्ष से नौ लोग घायल हो गए। जयमाल होने के बाद हुई मारपीट के कारण बाराती लौट गए और शादी नहीं हो सकी।

बीजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत अंजानी के टोला बकरिहवा में सोमवार की रात लड़की के घर धूमधाम से बारात आई। घराती के लोग आवभगत कर द्वार पूजा कराकर जयमाला की तैयारी में जुट गए। कुछ बाराती खाना खा रहे थे और महिलाएं मंगल गीत गा रही थी। शांतिपूर्ण माहौल में वर-वधू का जयमाल हुआ। लड़की पक्ष वाले शादी की रस्म की तैयारी में जुट गए। प्रत्क्षय दर्शियों के अनुसार खाने के दौरान घराती व बराती में विवाद शुरू हो गया। दोनों पक्षों में मारपीट व पथराव हुआ। लड़की घर में शादी के इंतजार में पूरी रात बैठी रही। इसी बीच दोनों पक्ष में नाराजगी होने के दौरान लड़के पक्ष के लोग अपने घर चले गए। लड़की पक्ष के पिता ने पीआरबी ११२ पर फोन कर आपबीती बताई। पुलिस दोनों पक्षों को सुबह थाने पर बुलाई। लड़की के पिता मुकेश पांडेय का आरोप है कि पुलिस के जाने के कुछ देर बाद लड़के पक्ष के लोग उसके घर पर लाठी डंडा लेकर हमला बोल दिए। इसमें मुकेश पांडेय, संजय पांडेय, गौरव पांडेय, रितेश पांडेय घायल हो गए। उधर, लड़के के पिता बाबूलाल का कहना है कि विवाद के बाद हम लोग घर आ गए। इसके बाद कुछ लोग शादी करने दोबारा लड़की के घर गए। इसी दौरान हम लोगों से मारपीट होने लगी। इसमें चंद्रमा पांडेय, महेंद्र पांडेय, देव कुमार, अरुण पांडेय, बृजेश पांडेय को चोट लगी है। मारपीट के बाद दोबारा पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों के कुछ लोगों को थाने लाई। सुरक्षा के लिए लड़की के घर पर दो सिपाहियों की तैनाती की गई। दोनों पक्षों से पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस तहरीर के आधार पर अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है।

Posted By: Inextlive