- पुलिस की सख्ती को किया जा रहा है नजरअंदाज

- पहले दिन 2.33 लाख और दूसरे दिन एक लाख 10 हजार का जुर्माना वसूला था

PATNA :

शहर में जारी लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों के साथ प्रशासन अब सख्ती से निपटने लगा है। गुरुवार को लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले 70 वाहन चालकों का पुलिस ने चालान काटते हुए 60 हजार रुपए का जुर्माना वसूला। हालांकि यह आंकड़ा पिछले दो दिन में काफी गिर गया है। बता दें कि पहले दिन दो लाख 33 हजार और दूसरे दिन एक लाख 10 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया था। यह संतोष की बात है कि लोग अब लॉकडाउन का पालन करने लगे हैं। लेकिन अब भी कई लोग इसका उल्लंघन करते हुए दिख रहे हैं।

कार्रवाई का नहीं दिख रहा भय

जिस गति से कोरोना वायरस लोगों को संक्रमित कर रहा है, उससे अधिक गति से हमें भी सावधान होना होगा। तभी इसके संक्रमण से बचा जा सकता है। लेकिन कई लोग इसे समझना ही नहीं चाह रहे हैं। पुलिस द्वारा किए चालान इस बात को प्रमाणित करते हैं कि लोग कितने लापरवाह हैं। इन लोगों को न तो पुलिस का भय है और न ही अपनी जान की परवाह।

- सोशल डिस्टेंस का नहीं कर रहे पालन

सोशल डिस्टेंस बहुत ही आवश्यक है। इसका भी पालन नहीं किया जा रहा है। सब्जी की दुकान हो या फिर मेडिकल स्टोर की शॉप हो या फिर परचून की। सभी जगह कई लोग सोशल डिस्टेंस का पालन करने की बजाय इसकी अनदेखी कर रहे हैं। यह काफी खतरनाक साबित हो सकता है। इस ओर पुलिस प्रशासन को भी ध्यान देना होगा।

Posted By: Inextlive