भारतीय मौसम विभाग के फोरकस्ट को मानें तो वैलेंटाइन डे पर भारत में मौसम सुहाना रहेगा। जम्मू-कश्मीर हिमाचल और पूर्वोत्तर के इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी के आसार हैं।

कानपुर। वैलेंटाइन डे के मौके पर भारत मे मौसम खुशनुमा बना रहेगा। पश्चिमी हिमालयी राज्यों और पूर्वोत्तर में हल्की बारिश के आसार बन रहे हैं। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान बुलेटिन में बताया है कि पश्चिमी हिमालयी राज्यों जिनमें जम्मू-कश्मीर के अलावा हिमाचल प्रदेश शामिल है, वहां अगले 24 घंटों के दौरान हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर और सिक्कम के कुछ इलाकों में 14 से 17 फरवरी के दौरान हल्की बौछारें पड़ सकती हैं। इन इलाकों में ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी भी हो सकती है।

शेष भारत में सुहाना रहेगा मौसम

भारतीय मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमानों में बताया कि अगले पांच दिनों के दौरान शेष भारत में मौसम सुहाना बना रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि ओडिशा के कुछ स्थानों पर अगले 24 घंटों के दौरान शीतलहर की आशंका बनी हुई है। पश्चिमोत्तर भारत के कुछ इलाकों में 30 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार बन रहे हैं। दक्षिण पश्चिम और पश्चिम मध्य अरब सागर में 55 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में न उतरने की सलाह दी है।

Posted By: Satyendra Kumar Singh