Weather Update Today : फरवरी में अप्रैल-मई वाली गर्मी से लोग बेहाल, दिल्ली समेत कुछ जगहों पर छाए रहेंगे बादल
नई दिल्ली (पीटीआई)। Weather Update Today : देश में माैसम ने अचानक से करवट बदल ली है। फरवरी के महीने में ही लोगों को गर्मी का अहसास हो रहा है। राष्ट्रीय राजधानी समेत देश के तमाम राज्य गर्मी की चपेट में आने लगे है। दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री अधिक 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके चलते यहां पर लोगों को मार्च व अप्रैल वाली गर्मी महसूस हुयी। हालांकि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार आज थोड़ी राहत मिल सकती है। मौसम वैज्ञानिकों ने बुधवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है।
सोमवार तीसरा सबसे गर्म फरवरी का दिन रहा
बता दें कि दिल्ली ने सोमवार को 1969 के बाद से तीसरा सबसे गर्म फरवरी का दिन दर्ज किया, राष्ट्रीय राजधानी के प्राथमिक मौसम स्टेशन सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया। रीडिंग सामान्य से नौ डिग्री अधिक थी। मंगलवार की सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 16.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली में सोमवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 13.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।262 एक्यूआई के साथ 'खराब' श्रेणी
वहीं दिल्ली की वायु गुणवत्ता कल मंगलवार रात नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 262 के साथ 'खराब' श्रेणी में दर्ज की गई। एक्यूआई शून्य से 50 के बीच 'अच्छा', 51 और 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 और 200 के बीच 'मध्यम', 201 और 300 के बीच 'खराब', 301 और 400 के बीच 'बेहद खराब' और 401 और 500 के बीच 'गंभीर' माना जाता है।