- डॉक्टर पर प्रेमजाल में फांस कर महिला को भगाने का आरोप

- स्थानीय पुलिस ने मामला दिल्ली का बताया, कार्रवाई से इनकार

Meerut : लिसाड़ी गेट थानाक्षेत्र में एक दिलचस्प मामला सामने आया है। दिल्ली से 8 वर्ष पहले गुम हुई महिला मेरठ में एक डॉक्टर के पास मिली। दिल्ली स्थित उसके परिजन उसे खोजते हुए मेरठ पहुंचे और उस महिला को अपने साथ ले गए। बताया जा रहा है कि डॉक्टर ने उस महिला को अपने प्रेमजाल में फांस लिया था और उसे लेकर मेरठ आ गया। इस मामले में स्थानीय थाना पुलिस ने किसी भी तरह की कार्रवाई से इनकार किया है। पुलिस ने मामला दिल्ली का बताया है। वहीं इस संबंध में थाना पुलिस को भी कोई कंप्लेन नहीं की गई।

डॉक्टर को दिखाने गई थी

बताया जा रहा है कि दिल्ली स्थित नेहरू विहार गगोल थानाक्षेत्र निवासी महिला अक्सर बीमार रहती थी। वह वहीं पर स्थित एक डॉक्टर को दिखाने आती थी। एक बार वह डॉक्टर को दिखाने घर से तो निकली लेकिन वापस नहीं गई। इसके बाद उसके परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि वह महिला जिस डॉक्टर को दिखाने आती थी वह मेरठ के लिसाड़ी गेट स्थित किदवई नगर में रहता था। डॉक्टर उस समय दिल्ली में रहकर प्रैक्टिस कर रहा था।

डॉक्टर पर आरोप

महिला के परिजनों को 8 वर्ष बाद डॉक्टर का सही पता मालूम चला। गुरुवार को वे डॉक्टर के घर में पहुंचे तो वह महिला घर में मिली। परिजनों ने घर में हंगामा भी कर दिया। सूचना मिलने पर लिसाड़ी गेट थाना पुलिस भी पहुंची। उसने मामला शांत कराने की कोशिश की। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर ने महिला को अपने प्रेमजाल में फांस कर उसे भगा लाया। वहीं उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घर से भागते समय वह जेवर और करीब चार लाख रुपए ले गई थी। परिजन उस महिला को अपने साथ दिल्ली ले गए।

इस मामले में कार्रवाई दिल्ली की स्थानीय थाना पुलिस ही कर सकती है। महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट वहीं पर दर्ज की गई थी। परिजन बिना किसी शिकायत किए उस महिला को अपने साथ ले गए।

- रवेंद्र कुमार सिंह यादव, एसओ, लिसाड़ी गेट