- नगलापदी तिराहे से टेगौर नगर का किया निरीक्षण

आगरा। शहर की सबसे बड़ी गंदगी और जलभराव की समस्या देखने निकले नगर आयुक्त को चौक-चौराहों के अतिक्रमण ने परेशान कर दिया। उन्होंने तत्काल सड़क तक बढ़ी दुकानों को हद के भीतर रहने की हिदायत दी। इस दौरान उन्होंने नगलापदी तिराहा से लेकर टैगोर नगर तक जलभराव और नालों की समस्या का निरीक्षण किया।

टै्रफिक की समस्या देखी

नगर निगम नगर आयुक्त इंद्र विक्रम सिंह शनिवार को सुबह शहर के निरीक्षण में निकले। वे नगलापदी तिराहा से पैदल ही चल पड़े। उन्हें चौक-चौराहों और सड़क पर अतिक्रमण नजर आया। जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या दिखी। इस पर आयुक्त ने तत्काल दुकानों को हदों के भीतर रहने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। इस बीच वे जागेश्वर नगर से टैगोर नगर में जलभराव की समस्या देखने पहुंचे। नगर आयुक्त इंद्रविक्रम सिंह ने बताया कि यहां जल भराव की समस्या है। इसे दूर करना है। यहां एक सड़क निकालने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।

सिल्ट की बदबू के बीच निकले

नगर आयुक्त को लोगों के दर्द को शनिवार को महसूस हुआ। दरअसल, वे जागेश्वर नगर नाले किनारे-किनारे पैदल ही चल पड़े। इस दौरान उन्हें नाले से निकाली गई सिल्ट की बदबू ने परेशान किया। ये सिल्ट काफी दिनों से पड़ी हुई है। आयुक्त के पहुंचते ही सिल्ट उठाने का काम भी शुरू हो गया।

नाले में है अतिक्रमण

जागेश्वर नगर के नाले में अतिक्रमण बड़ी समस्या है। नाले का अधिकांश भाग में कब्जा हो गया है। इससे जलभराव की समस्या होती है। फिलहाल कब्जा मुक्त करने की समस्या का हल निकालने के लिए योजना तैयार की जा रही है।