- आज से हो रहा 36वां राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का आगाज

- रक्षामंत्री मनोहर पार्रिकर करेंगे टूर्नामेंट का उद्घाटन

- कंपाउंड कैटेगिरी में टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगी देश की 38 टीमें

Meerut : 36वां राष्ट्रीय (महिला-पुरुष) तीरंदाजी प्रतियोगिता 2015 का आगाज बुधवार को कैलाश प्रकाश स्टेडियम में होने जा रहा है। प्रतियोगिता में देश भर की टीमें हिस्सा लेने के लिए मेरठ पहुंच चुकी हैं। प्रतियोगिता को दो वर्गो में बांटा गया है। इनमें कंपाउंड व रिकर्व इवेंट्स होंगे। 14 व 15 अक्टूबर को कंपाउंड प्रतियोगिताएं होंगी जबकि रिकर्व प्रतियोगिताएं 17 व 18 अक्टूबर को होंगी। कंपाउंड प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए देश भर के लगभग सभी प्रमुख राज्यों सहित, सेना, सीआरपीएफ, टाटा आदि की 38 टीमों के 230 खिलाड़ी मेरठ पहुंचे चुकी हैं। बुधवार को प्रतियोगिता का शुभारंभ केंद्रीय रक्षा मंत्री मनोहर पार्रिकर करने पहुंच रहे हैं। उनके साि केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र भी उपस्थित रहेंगे।

मेरठ में देश के धनुर्धर

तीरंदाजी में विश्व स्तर पर अपनी छाप छोड़ चुके भारतीय तीरंदाजों का एक बड़ा समूह इस प्रतियोगिता में एक साथ एकत्र हुए हैं। दोनों प्रतियोगिताओं में एशियन गेम्स, व‌र्ल्ड कप, ओलंपिक आदि खेलों में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ी शामिल हैं। मंगलवार को खिलाडि़यों ने जमकर अभ्यास किया। कुछ टीमों ने सुबह अभ्यास किया और जो बाद में पहुंचे उन्होंने शाम को अभ्यास किया।

रैंकिंग सुधारने की होगी कोशिश

तीरंदाजी प्रतियोगिता में बुधवार को कंपाउंड के खिलाडि़यों को रैंकिंग की लड़ाई में शामिल होना है। रैंकिंग प्रतियोगिता में बेहतरीन निशाना साधने वाले खिलाडि़यों को उनके प्रदर्शन के अनुसार रैंकिंग मिलेगी। दूसरे चरण की प्रतियोगिता में पूरी प्रतियोगिता में अधिकतम अंक पाने वाला तीरंदाजी विजेता घोषित किया जाएगा।

कमिश्नर व सांसद ने किया निरीक्षण

तीरंदाजी प्रतियोगिता से पहले मंडलायुक्त आलोक सिन्हा व सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने स्टेडियम का निरीक्षण किया। दोनों ने देर रात तक चली तैयारियों का जायजा लेने के साथ ही रक्षा मंत्री के कार्यक्रम पर विचार-विमर्श भी किया।

कंपाउंड में होगी इस तरह प्रतियोगिता

- पहले राउंड में चार मिनट में छह तीर चलाएंगे आर्चर्स।

- 50 मीटर की दूरी पर छह राउंड में इसी तरह साधना होगा निशाना।

- दूसरे राउंड में भी छह राउंड में चलाएंगे 36 तीर।

- एक तीर पर मिलेंगे अधिकतम 10 अंक।

- दोनों राउंड मिलाकर बनेंगे अधिकतम 720 अंक।

- अधिकतम अंक प्राप्त करने वाले तीरंदाज बनेंगे विजेता।

ये है आज का कार्यक्रम

क्वालीफाइंग राउंड पुरुष : सुबह 8.30 बजे

क्वालीफाइंग राउंड महिला : सुबह 11 बजे

उद्घाटन समारोह : दोपहर 2.30 बजे

टीम इवेंट प्रतियोगिताएं : 3.45 से 5 बजे तक