भुवनेश्वर (पीटीआई)। ओडिशा सरकार ने मंगलवार को देश के सर्वोच्च खेल सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार के लिए दिग्गज धाविका दुती चंद को नामित किया। एक अधिकारी ने यहां बताया कि दुती के अलावा, ओडिशा सरकार ने खेल मंत्रालय को पांच अन्य सिफारिशें भी भेजीं।
दुती ने ट्विटर पर कहा, "खेल रत्न पुरस्कार के लिए मेरा नाम नामित करने के लिए मैं ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की शुक्रगुजार हूं। आपका आशीर्वाद हमेशा मुझ पर बना रहे।"

दुती चंद ने तोड़ा अपना ही रिकाॅर्ड
भारतीय स्प्रिंट दुती चंद ने पिछले हफ्ते ही अपना 100 मीटर का नेशनल रिकॉर्ड तोडा। जब दुती ने पटियाला में इंडियन ग्रां प्री 4 में 11.7 सेकंड में यह रेस पूरी की हालांकि वह ओलंपिक में ऑटोमेटिक जगह बनाने से 0.02 सेकंड से चूक गईं। मगर वह विश्व रैंकिंग के आधार पर टोक्यो ओलंपिक में जगह बनाने के लिए तैयार हैं।

ये लोग भी किए गए नाॅमिनेट
2018 एशियाई खेलों में 100 मीटर और 200 मीटर स्पर्धाओं में रजत पदक जीतने वाली 25 वर्षीय दुती को पिछले साल अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। ओडिशा सरकार के खेल और युवा सेवा विभाग ने ओलंपिक के लिए भारतीय हॉकी के उप-कप्तान बीरेंद्र लाकड़ा (अर्जुन पुरस्कार), हॉकी कोच कालू चरण चौधरी (द्रोणाचार्य) और पूर्व धावक और ओलंपियन अनुराधा बिस्वाल (ध्यानचंद) को भी राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों के लिए नामित किया है। राज्य सरकार ने केआईआईटी डीम्ड यूनिवर्सिटी और ओडिशा माइनिंग कॉरपोरेशन को राष्ट्रीय खेल प्रतिष्ठान पुरस्कार के लिए क्षेत्र में नवोदित प्रतिभाओं की पहचान और पोषण के लिए नामित किया है।