नई दिल्ली (एएनआई)। LK Advani Birthday : वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी आज मंगलवार को अपना 95वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन्हें बधाई देने के लिए उनके आवास पर गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत के विकास में उनका योगदान अविस्मरणीय है। उनकी दूरदृष्टि और बुद्धि के लिए पूरे भारत में उनका सम्मान किया जाता है। भाजपा को बनाने और मजबूत करने में उनकी भूमिका अद्वितीय है। मैं उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।


राजनाथ सिंह व अमित शाह ने दी शुभकामनाएं
वहीं इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी आडवाणी को जन्मदिन की बधाई देने पहुंचे। उन्होंने एक ट्वीट में कहा, आदरणीय आडवाणीजी के आवास पर जाकर उन्हें जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं। मैं भगवान से उनके अच्छे स्वास्थ्य और लम्बी आयु की कामना करता हूं।केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी भाजपा के वरिष्ठ नेता को बधाई देते हुए एक ट्वीट में कहा कि आदरणीय लालकृष्ण आडवाणी जी को जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई। लाल कृष्ण आडवाणी जी ने एक ओर जहां अपनी निरंतर मेहनत से देश भर में संगठन को मजबूत किया, वहीं दूसरी ओर सरकार में रहते हुए देश के विकास में अमूल्य योगदान दिया। मैं ईश्वर से उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की प्रार्थना करता हूं।

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने दी बधाई
विदेश मंत्री एस जयशंकर, जो इस समय मास्को में हैं, ने भी लाल कृष्ण आडवाणी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, आदरणीय श्री लालकृष्ण आडवाणी जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। राष्ट्र के लिए उनके कई योगदान और सेवाएं हमें हमेशा प्रेरित करती रहेंगी। केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री और आवास और शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने भी उन्हें बधाई दी।


पद्म विभूषण से सम्मानित है लाल कृष्ण आडवाणी
बता दें कि 8 नवंबर, 1927 को कराची में जन्में लाल कृष्ण आडवाणी 1998 से 2004 तक भाजपा के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार में गृह मंत्री थे। उन्होंने 2002 से 2004 तक अटल बिहारी वाजपेयी के अधीन उप प्रधान मंत्री के रूप में भी कार्य किया। सह-संस्थापकों में से एक और भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के एक स्वयंसेवक के रूप में की। 2015 में लाल कृष्ण आडवाणी को पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया जो भारत का दूसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान है।

National News inextlive from India News Desk