रांची: मजदूर संगठन अपनी 12 सूत्री मांगों को लेकर बुधवार को रांची में हड़ताल पर रहे। इसमें इंटक के अलावा एटक, सीटू और एआईयूटीसी जैसे एक दर्जन से भी अधिक संगठन शामिल रहे। जिसे देखते हुए रांची पुलिस दिन भर अलर्ट मोड पर तैनात रही। इसके लिए करीब एक हजार पुलिस बल के अतिरिक्त जवानों को तैनात किया गया था। केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में देश के 10 केंद्रीय मजदूर संघों ने राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया था। इस दौरान राजधानी रांची में कई जगह धरना और बड़े प्रदर्शन किए गए।

क्या कहते हैं मजदूर संघ

मजदूर संघों का कहना है कि वे श्रम सुधार प्रत्यक्ष विदेशी निवेश और निजीकरण का विरोध कर रहे हैं। मजदूर संगठन अपनी 12 सूत्री मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। मजदूर संगठनों का दावा है कि हड़ताल में करीब 25 करोड़ लोग शामिल हुए हैं। हड़ताल में इंटक के अलावा एटक, सीटू और एआईयूटीसी जैसे एक दर्जन से भी अधिक संगठन शामिल हैं।

अलर्ट मोड में रांची पुलिस

मजदूर संगठनों की हड़ताल और दूसरे संगठनों के प्रदर्शन को लेकर रांची पुलिस पूरी तरह से अलर्ट पर रही। प्रदर्शन को देखते हुए रांची में 1000 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। सभी डीएसपी और थानेदारों को मंगलवार शाम से ही अलर्ट रहने का निर्देश जारी कर दिया गया था। रांची के मेन रोड में विशेष तैनाती की गई। हंगामे की आशंका को देखते हुए पुलिस ने अपनी तैयारियों को पुख्ता किया। रांची के सीनियर एसपी अनीश गुप्ता ने बताया कि सभी थानों में की क्यूआर्टी की टीम उपलब्ध करवाई गई। इसके अलावा विषम परिस्थितियों से निपटने के लिए कंट्रोल रूम में अतिरिक्त फोर्स को रिजर्व रखा गया था।