- कर्मकांड में राष्ट्रपति की पत्नी व परिवार के अन्य सदस्य भी हुए शरीक

PATNA:

मॉरीशस के राष्ट्रपति पृथ्वीराज सिंह रूपन ने बुधवार को अपने पितरों के मोक्ष की कामना को लेकर प्रसिद्ध विष्णुपद मंदिर परिसर में पिंडदान किया। कर्मकांड में उनकी पत्नी सहित परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल थे।

राष्ट्रपति ने बुधवार सुबह आठ बजे पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए तीन प्रमुख स्थलों विष्णुपद मंदिर परिसर, फल्गु तट व अक्षयवट पिंडवेदी पर पिंडदान किया। इसके बाद उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विष्णुपद मंदिर स्थित गर्भगृह में भगवान श्रीहरि विष्णु के चरण चिह्न की पूजा-अर्चना के साथ तुलसी अर्चना भी की। विष्णुपद प्रबंधकारिणी समिति के सचिव गजाधर लाल पाठक ने पूरे कर्मकांड का विधिपूर्वक संपन्न कराया। अक्षयवट में राष्ट्रपति ने सुफल का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा, यहां से मॉरीशस लौटने के बाद लोगों को गया आने के लिए प्रोत्साहित करेंगे। वह बताएंगे कि एक बार जरूर गया जाकर विष्णुपद मंदिर जाएं और श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना करें। राष्ट्रपति ने कहा, हमारे पूर्वज गया जिले की माटी में पैदा हुए थे। वे रोजी-रोटी के लिए मॉरीशस चले गए थे। बिहार से पुराना लगाव है, इसलिए यहां की माटी को हम नमन करते हैं। पिंडदान के बाद वे नालंदा के राजगीर व अन्य पर्यटन स्थलों के भ्रमण के लिए रवाना हो गए।