कानपुर (इंटरनेट डेस्क)। बीजेपी के वरिष्ठ नेता कल्याण सिंह के उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में मल्टी ऑर्गेन फेल्योर की वजह से निधन पर देश के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृहमंत्री तथा रक्षामंत्री सहित तमाम नेताओं ने शोक व्यक्त किया है।


रक्षामंत्री राजनाथ सिंह बोले अपना बड़ा भाई खोया
देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया कि 'श्री कल्याण सिंह जी के निधन से मैंने अपना बड़ा भाई और साथी खोया है। उनके निधन से आई रिक्तता की भरपाई लगभग असम्भव है। ईश्वर उनके शोक संतप्त परिवार को दुःख की इस कठिन घड़ी में धैर्य और संबल प्रदान करे। ओम शान्ति! जनसंघ के समय से ही उन्होंने भाजपा को मजबूत बनाने और समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के लिए कड़ी मेहनत की। श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन में भी उनकी महती भूमिका के लिए उन्हें यह देश हमेशा याद रखेगा।'


प्रधानमत्री ने भी जताया दुख, कहा कमजोर और वंचितों की थे आवाज
पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, 'कल्याण सिंह जी समाज के कमजोर और वंचित वर्ग के करोड़ों लोगों की आवाज थे। उनका समर्पण और सेवाभाव लोगों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा। दुख की इस घड़ी में मेरे पास शब्द नहीं हैं। कल्याण सिंह जी जमीन से जुड़े बड़े राजनेता और कुशल प्रशासक होने के साथ-साथ एक महान व्यक्तित्व के स्वामी थे। शोक की इस घड़ी में उनके परिजनों और समर्थकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ओम शांति! भारतीय मूल्यों में वे रचे-बसे थे और अपनी सदियों पुरानी परंपरा को लेकर उन्हें गर्व था।'


शाह बोले अपराध मुक्त व जनकल्याणकारी शासन और शिक्षा के क्षेत्र में किए अभूतपूर्व सुधार
देश के गृहमंत्री अमित शाह ने ट्वीट में कहा, 'कल्याण सिंह जी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में अपनी कर्तव्यनिष्ठा व राजनीतिक कौशल से सुशासन की संकल्पना को साकार कर जनता को भय व अपराध से मुक्त एक जनकल्याणकारी शासन दिया और शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व सुधार कर आने वाली सरकारों के लिए उत्कृष्ट आदर्श भी स्थापित किए। उनके निधन से देश व समस्त भाजपा परिवार शोकाकुल है। ये देश व आने वाली पीढ़ियाँ उनके वृहत योगदान के लिए सदैव ऋणी रहेंगी। ईश्वर उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दे। ॐ शान्ति शान्ति शान्ति'


राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी जताया शोक
देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीट में कहा, 'कल्याण सिंह जी का जनमानस से अद्भुत जुड़ाव था। मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने दृढ़तापूर्वक साफ़-सुथरी राजनीति को प्रश्रय दिया व शासन-व्यवस्था से अपराधियों-भ्रष्टाचारियों को बाहर‌ किया। उन्होंने पदों की गरिमा बढ़ाई। उनके निधन से हुई क्षति अपूरणीय है। मेरी हार्दिक शोक संवेदनाएं!'

National News inextlive from India News Desk