नई दिल्ली (एएनआई)। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा उत्तर प्रदेश की जनता की समस्याओं पर इन दिनों लगातार नजर बनाए हैं। बुधवार को उन्होंने उत्तर प्रदेश में किसानों की यूरिया समस्या को लेकर ट्वीट किया। प्रियंका गांधी ने अपने ट्वीट में कहा कि उत्तर प्रदेश की कई जगहों पर यूरिया की किल्लत के चलते किसान परेशान हैं। जगह-जगह लाइनें लगी हैं और लेकिन अधिकतर सहकारी समितियों पर यूरिया समाप्त हो चुकी है। किसान कालाबाजारी से परेशान है। ऐसे में यूपी सरकार को तुरंत हस्तक्षेप कर यूरिया की किल्लत की समस्या का समाधान करना चाहिए। उन्होंने इस दाैरान सोनभद्र के किसानों का एक वीडियो भी शेयर किया। इस वीडियों में किसानों का दर्द साफ दिख रहा है।


महिलाओं को सुरक्षा देने में उत्तर प्रदेश सरकार पूरी तरह विफल रही
वहीं इसके पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोमवार को उत्तर प्रदेश में बढ़ते अपराधों को लेकर फेसबुक पोस्ट किया था। इसमें उन्होंने कहा था कि बुलंदशहर, हापुड़, लखीमपुर - खीरी, और अब गोरखपुर। लगातार इस तरह की घटनाओं से ये साबित होता है कि महिलाओं को सुरक्षा देने में उत्तर प्रदेश सरकार पूरी तरह विफल रही है। अपराधियों के मन में कानून का कोई डर नहीं है। उसी का परिणाम है कि महिलाओं के खिलाफ अपराध की वीभत्स से वीभत्स घटनाएं घटती ही जा रही हैं। पुलिस और प्रशासन न तो सुरक्षा दे पा रहे हैं और न ही उचित कार्रवाई कर पा रहे हैं। उत्तर प्रदेश सरकार कानून व्यवस्था की समीक्षा करे और महिलाओं की सुरक्षा सम्बंधित हर कदम गंभीरता से उठाए।

National News inextlive from India News Desk