-ई-चालान होने के बाद नहीं छूट पा रहा चालान

-अब तक सिर्फ 8 परसेंट लोगों के भी छूटे चालान

बरेली-लॉकडाउन में पुलिस अनावश्यक सड़क पर निकलकर वाहन दौड़ाने वालों के चालान कर रही है। चाहें ट्रैफिक पुलिस हो या फिर थानों की पुलिस सभी मोबाइल में ई-चालान एप के जरिए ही चालान कर रहे हैं। लोगों के चालान तो हो रहे हैं चालान होने के बाद उन्हें कोई समाधान नहीं मिल रहा है। क्योंकि सभी चालान में शमन शुल्क पुलिस लाइंस में ट्रैफिक ऑफिस में भरे जाते हैं लेकिन लॉकडाउन की वजह से सिर्फ ऑनलाइन ही चालान भरे जा रहे हैं। जिसके चलते सिर्फ 8 परसेंट लोगों ने ही अपने वाहन का चालान भरा है, बाकी के चालान अभी तक नहीं भरे गए हैं।

ऐवरेज डेली 7 सौ चालान

लॉकडाउन की शुरूआत 23 मार्च से हुई थी और उसके बाद से दो बार लॉकडाउन बढ़ाया जा चुका है और 17 मई तक लॉकडाउन चालू है। लॉकडाउन कब ओपन होगा, यह कहना मुशिकल है लेकिन धीरे-धीरे रियायतें जरूर मिल रही हैं, जिसकी वजह से वाहनों की संख्या भी सडकों पर दिख रही है। पुलिस लॉकडाउन की शुरुआत से ही बिना वजह घर से निकलने वाले वाहन चालकों के चालान कर रही है। कभी सख्ती ज्यादा तो कभी कम हो रही है लेकिन चालान लगातार हो रहे हैं। यही वजह है कि 46 दिनों में 33 हजार से अधिक वाहनों के चालान पुलिस कर चुकी है। डेली एवरेज पुलिस 700 वाहनों से अधिक चालान कर रही है, जिसमें 5 सौ वाहनों के चालान सिटी एरिया में हो रहे हैं।

नहीं मान रहे लोग

लॉकडाउन में भी लोग बिना वजह वाहन लेकर निकल रहे हैं, कुछ लोग पुलिस से अलग-अलग तरीकों से बच जाते हैं। कोई आवश्यक वस्तुओं को लेने की बात बोलता है तो कोई किसी सरकारी ऑफिस में काम करने की बात करता है। कई लोग दवा लेने के बारे में बताता है लेकिन इसके बावजूद लोग गलती करते हैं और फिर पुलिस उनका चालान कर देती है। लोग गाड़ी पर पास या आवश्यक वस्तुओं के नाम का पर्चा चस्पा कर तो निकल जाते हैं लेकिन वह हेलमेट लगाना भूल जाते हैं। कई तो मास्क भी नहीं लगाते, जबकि मास्क लगाना जरूरी है। बाइक पर एक ही शख्स निकल सकता है लेकिन वह डबल या ट्पिल सवारी लेकर निकलते हैं, इसी तरह से कार सवार भी दो से अधिक लोगों को बैठा लेते हैं। ऐसे लोगों के वाहनों का पुलिस चालान कर देती है।

2 लाख से अधिक वाहन चेक

लॉकडाउन के दौरान 7 मई तक पुलिस 33 हजार से अधिक वाहनों का चालान कर चुकी है। इसमें करीब 23 हजार वाहनों का चालान सिटी एरिया में किया गया है। पुलिस रिकार्ड की मानें तो पुलिस लॉकडाउन के 46 दिनों में 2 लाख से अधिक वाहनों को चेक कर चुकी है, जिसमें सवा लाख वाहन सिटी एरिया में चेक किए गए हैं। इन सभी से 21 लाख से अधिक का शमन शुल्क वसूला गया है। पुलिस ने जिन 33 हजार वाहनों का चालान किया है, उसमें से सिर्फ 25 सौ वाहन चालकों ने ही ऑनलाइन जुर्माना भरकर चालान छुटवाया है। इसके अलावा कुछ लोगों ने मौके पर ही जुर्माना दे दिया। अन्य वाहन चालकों के चालान नहीं छूट रहे हैं, क्योंकि वह पुलिस लाइन तक नहीं पहुंच पा रहे हैं।

33 हजार से अधिक वाहनों का चालान

25 सौ चालानों का ऑनलाइन जुर्माना भरा

1.2 लाख वाहन सिटी में चेक किए गए