RANCHI : अब रांची रेलवे स्टेशन तक पहुंचने के लिए दो और नई सड़कों की सौगात मिलेगी। राजेंद्र चौक और गोरखा चौक से सीधे स्टेशन पहुंचने वाली ये दोनों सड़कें नौ महीन में बनकर तैयार होंगी। इस पर 25 करोड़ रुपये खर्च होंगे। पीडब्ल्यू डिपार्टमेंट ने इसके लिए तैयारी पूरी कर ली है। सड़क बनाने के लिए एजेंसी का चयन किया जा रहा है।

यहां से रोड लेगी आकार

रांची रेलवे स्टेशन तक पहुंचने के लिए पहली सड़क नेपाल हाउस के नजदीक शहीद गोरखा चौक से सीधे स्टेशन के पीछे प्लेटफॉर्म नंबर पांच तक बनाई जाएगी। दूसरी महात्मा गांधी रोड पर स्थित राजेंद्र चौक से पंचवटी चौक, रेलवे स्टेशन तक के लिए सड़क का निर्माण होगा।

बीच में होगा ब्रिज भी

दोनों नयी लिंक रोड बनाने में विभाग की ओर से 25 करोड़ रुपए खर्च किये जाएंगे। सड़क के बीच में एक पूल का निर्माण भी किया जाएगा। यह पूल ओवरब्रिज के नीचे जो नाला बह रहा है उसके बीच में बनाया जाएगा। शहीद गोरखा चौक से शुरू होकर रांची रेलवे स्टेशन के पीछे प्लेटफॉर्म नंबर पांच तक के लिए बनने वाली सड़क की लंबाई 1.50 किमी होगी। दूसरा महात्मा गांधी रोड पर स्थित राजेंद्र चौक से पंचवटी चौक होते स्टेशन तक के लिए बनने वाले सड़क की लम्बाई 1.07 किमी होगी।

दिसंबर से शुरू होगा काम

दोनों सड़क को बनाने की डेडलाइन नौ महीने तय की गई है। सड़क बनाने के लिए एजेंसी का चयन का काम नवंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद दिसंबर से नई सड़क का निर्माण कार्य शुरू होगा और 2020 सितंबर तक काम पूरा हो जाएगा। यानी अगले साल से शहर के लोगों को स्टेशन तक जाने के लिए ये दोनों नई रोड उपलब्ध होंगी।

जाम की समस्या से मिलेगी मुक्ति

दोनों सड़कों के बन जाने के बाद शहर की आधी आबादी जो रांची रेलवे स्टेशन पहुंचने के लिए हर दिन जाम झेलती है उसे इस बड़ी समस्या से निजात मिलेगी। खासकर डोरंडा, हिनू, धुर्वा, हरमू, बिरसा चौक सहित राजेंद्र चौक इलाके में जितनी आबादी है उसे इन रोड्स के बन जाने से सीधा लाभ मिलेगा।

तब मेन रोड में घुसने की नहीं होगी जरूरत

अभी रांची रेलवे स्टेशन पहुंचने के लिए लोगों को कई बार जाम झेलना पड़ता है। खासकर डोरंडा और हिनू इलाके से आने वाले लोगों को सुजाता चौक पहुंचना होता है या ओवरब्रिज के नीचे पहुंचने के बाद अंदर से घूम कर स्टेशन पहुंचना होता है, जिसके कारण जाम भी लगता है। दोनों सीधी रोड बन जाने पर इस इलाके के लोगों को मेन रोड में घुसने की जरूरत नहीं होगी।

वर्जन

रांची रेलवे स्टेशन तक पहुंचने के लिए जो दो नयी सड़क बनायी जाएगी। उसके लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। नौ महीने में दोनों सड़कें बनकर तैयार हो जाएंगा।

राम बदन सिंह, कार्यपालक अभियंता, पथ निर्माण विभाग, रांची