नई दिल्ली (पीटीआई)। यूक्रेन की राजधानी कीव में एक भारतीय छात्र को कथित तौर पर गोली लगी है। जिसके बाद वह घायल हो गया है। नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री वी के सिंह ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। सिंह इस समय युद्ध प्रभावित यूक्रेन में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए पोलैंड में हैं। मंत्री ने मीडियाकर्मियों से कहा, "आज, हमने रिपोर्टें सुनीं कि कीव छोड़ने वाले एक छात्र को गोली मार दी गई। उसे वापस कीव ले जाया गया। यह लड़ाई में होगा।"

पहले एक छात्र की जा चुकी है जान
हाल ही में 1 मार्च को एक युवा भारतीय मेडिकल छात्र की मौत हो गई थी। कर्नाटक के रहने वाले नवीन यूक्रेन के खार्किव शहर में गोलाबारी का शिकार हो गए थे, जब वह अपने और साथी छात्रों के लिए भोजन खरीदने के लिए निकले थे। सिंह ने कहा कि केंद्र यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहा है कि कम से कम नुकसान के साथ अधिक से अधिक छात्र यूक्रेन से बाहर आ सकें। भारत यूक्रेन के पश्चिमी पड़ोसियों जैसे रोमानिया, हंगरी और पोलैंड से विशेष उड़ानों के माध्यम से अपने नागरिकों को निकाल रहा है क्योंकि रूसी सैन्य हमले के कारण 24 फरवरी से यूक्रेनी हवाई क्षेत्र बंद है।

International News inextlive from World News Desk