कानपुर (इंटरनेट डेस्क)। आश्विन मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा को शरद-पूर्णिमा कहते हैं। प्रदोष और निशीथ में व्याप्त होने वाली आश्विन पूर्णिमा में शरद पूर्णिमा व कोजागर व्रत किया जाता है।इस वर्ष यह आश्विन पूर्णिमा दिनाँक *30 अक्टूबर 2020,शुक्रवार को सांय काल 5:46 बजे के बाद प्रदोष एवं निशीथ काल को व्याप्त कर रही है।अतः 30 अक्टूबर 2020,शुक्रवार को ही व्रत,पर्व एवं पूजन होंगे। शरद पूर्णिमा की चाँदनी में अमृत का निवास रहता है, इसलिये उसकी किरणों से अमृत और आरोग्य की प्राप्ति होती है।

साल में एक बार दिखता है ऐसा चांद
ज्योतिष की भी मान्यता है कि सम्पूर्ण वर्ष में केवल इसी दिन चन्द्रमा अपनी षोडश कलाओं का होता है, धर्म शास्त्रों के अनुसार इसी दिन "कोजागरी व्रत" किया जाता है। इसी को "कौमुदी व्रत" भी कहते हैं। इस बार यह व्रत 30 अक्टूबर 2020,शुक्रवार को पड़ रहा है।इस दिन प्रदोष व्यापिनी पूर्णिमा सांय काल 5:46 बजे से लगेगी जोकि निशीथ व्यापिनी होकर 31 अक्टूबर 2020,शनिवार को रात्रि 8:19 बजे तक रहेगी।

शरद पूर्णिमा का महत्व
इस दिन बाल्मीकि जयंती,सरदार पटेल जयंती,पूर्णिमा व्रत एवं सत्यनारायण पूजा की जाएगी। इस दिन अपराह्न 2:57 बजे के बाद *आश्विनी नक्षत्र आरम्भ हो जाएगा जो कि सम्पूर्ण रात्रि रहेगा जो कि इस रात्री के लिए विशेष लाभदायक है।शरद पूर्णिमा के दिन से ही व्रत एवं कार्तिक स्नान आरम्भ हो जायेगा। शरद पूर्णिमा की जितनी महत्ता ज्योतिष और आयुर्वेद में है, उतनी ही प्रेम रस से ओत-प्रोत समाज में है, शरद पूर्णिमा ज्योतिष एवं आयुर्वेद की दृष्टि से तब अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है जबकि इस पूर्णिमा पूर्ण चन्द्रमा का आश्विनी नक्षत्र में दर्शन हो पूर्णिमा की रात अश्विनी नक्षत्र पर चन्द्रमा का दर्शन अनंत सुख देने वाला होता है, शरीर के रोग एवं चर्म रोग दूर होते हैं। मनोविकार और मनो रोगियो के लिए यह चन्द्रमा अति स्वास्थ्य वर्धक होता है नेत्र रोग वाले व्यक्तियों को इस चन्द्रमा के चन्द्रबिम्ब का एकतक दर्शन नेत्र संजीवन के समान होता है।

Sharad Purnima 2020 Date & Time: साल में एक बार आती है शरद पूर्णिमा, यह है इसका महत्व

आंखो की बढ़ती है रोशनी
इस रात नेत्र रोग वाले व्यक्तियों को केवल चन्द्रमा की चांदनी में ही सुई में (100 बार) धागा पिरोना चाहिए इससे नेत्रों की ज्योति बढती है इसी प्रकार जो हृदय रोग एवं फेफड़ो के रोग से ग्रसित हों उन्हे भी अमृतमयी चन्द्रमा की चांदनी में रखी खीर के सेवन से प्रचुर लाभ मिलता है चन्द्रमा के अश्विनी नक्षत्र मे आने पर ही खीर को चांदनी में रखना चाहिए क्योकि अश्विनी नक्षत्र के देवता अश्विनी कुमार हैं। जो देवताओं के चिकित्सक हैं इसलिए अश्विनी नक्षत्र औषधीय गुणों से भरपूर है।

खीर का प्रसाद खाने का लाभ
इस पूर्णिमा को खीर का प्रसाद रात में ग्रहण किया जाता है इस पूर्णिमा को रात्रि जाग्रण का भी बहुत महत्व है इस पूर्णिमा को कोजागरी पूर्णिमा भी कहा जाता है कोजागरी का अर्थ है कि कौन जाग रहा है पुराणो के अनुसार इस दिन लक्षमी जी भ्रमण पर निकलती है किस पर कृपा करे यह ढूंढती हैं। जो जाग रहा होता है कहावत भी है जो जागत है सो पावत है जो सोवत है वह खोवत है। इस दिन भगवान श्री कृष्ण ने महारास लीला सम्पन्न की थी। आयुर्वेद के दृष्टिकोण से भी इस दिन विभिन्न औषधियां मिलाकर खीर का निर्माण किया जाता है और उसे रात्रि में चन्द्रमा के प्रकाश मे रखकर उसका वितरण किया जाता है। इससे अनेक रोगो की सहज ही चिकित्सा हो जाती है।

कैसे करें पूजा:-
इस दिन प्रात: काल स्नान करके आराध्य देव को सुन्दर आभूषण से सुशोभित करके आवाहन, आसन, आचमन, वस्त्र, गन्ध, अक्षत, पुष्प, धूप-दीप, नैवेध, ताम्बूल, सुपारी, दक्षिणा आदि से उनका पूजन करना चाहिए। रात्रि के समय गाय के दूध से बनी खीर अर्द्ध रात्रि के समय भगवान को अर्पण करना चाहिए। खीर को खुली चांदनी में रखकर दूसरे दिन उसका प्रसाद बांटना चाहिए। पूर्णिका का व्रत करके कथा सुनना चाहिए। एक लोटे में जल तथा गिलास में गेहूं, पत्ते के दोनों में रोली तथा चावल रखकर कलश पर तिलक करके गेहूं के 13 दाने हाथ में लेकर कथा सुनना चाहिए, लोटे के जल का रात्रि को चन्द्रमा को अर्ध्य देना चाहिए। इस दिन ऐसी मान्यता भी है कि इस दिन माँ लक्ष्मी रात्रि में विचरण करती हैं। इस दिन इन्द्र एवं माता लक्ष्मी की पूजा करके श्रीसूक्त, लक्ष्मी स्तोत्र का पाठ एवं माँ लक्ष्मी के मंत्रों का जाप करना चाहिए, रात्रिकाल में घी के 108 दीपक जलाने चाहिए, घर के विभिन्न स्थानों पर रखना चाहिए। इस दिन लक्ष्मी जी की विशेष कृपा उन पर होती है जो जाग रहा होता है। शरद पूर्णिमा का व्रत और उत्सव भौतिक कामनाओं की पूर्ति के साथ ही संतान प्राप्ति के लिए किया जाता है। इस रात्रि चन्द्रमा अपनी षोडश कलाओं का होने के कारण अमृत की बूंदें बिखेरता है।इति।

ज्योतिषाचार्य पं राजीव शर्मा।
बालाजी ज्योतिष संस्थान,बरेली।