नई दिल्ली (एएनआई)। Shardiya Navratri 2022 : नवरात्रि का नौ दिवसीय हिंदू त्योहार आज सोमवार को बहुत उत्साह के साथ शुरू हो गया है। शारदीय नवरात्रि उत्सव देवी दुर्गा और उनके नौ अवतारों को समर्पित है और आज उत्सव (कलश या घटस्थापना) का पहला दिन है। यह त्यौहार पूरे देश में हिंदुओं द्वारा बहुत उत्साह के साथ मनाया जाता है। इस दाैरान जम्मू-कश्मीर के कटरा में त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर में आज पहले दिन श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ा। अधिकारियों ने बताया कि श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड (एसएमवीडीएसबी) ने श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सभी जरूरी इंतजाम किए हैं।

मुंबई के मुंबा देवी मंदिर में उमड़ी भक्तों की भीड़

ऐसा ही नजारा मुंबई के मुंबा देवी मंदिर में भी देखने को मिला, जहां नवरात्रि के पहले दिन सुबह-सुबह 'आरती' की गई। दिल्ली में दिल्ली के झंडेवालान मंदिर में भक्तों की भीड़ उमड़ी हुई है। छतरपुर मंदिर दिल्ली के पुजारी ने न्यूज एजेंसी एएनआई ने बताया कि आज नवरात्रि का पहला दिन है, हम शैलपुत्री मां की पूजा करते हैं। छतरपुर मंदिर न केवल देश में, बल्कि दुनिया भर में प्रसिद्ध है।

इस साल शारदीय नवरात्रि नौ दिनों तक चलेगी

संस्कृत में नवरात्रि का अर्थ है 'नौ रातें'। हिंदू साल भर में कुल चार नवरात्रि मनाते हैं। अश्विन शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा से नवमी तक शारदीय नवरात्रि मनाई जाती है। इस साल नवरात्रि नौ दिनों तक चलेगी, 26 सितंबर से शुरू होकर 5 अक्टूबर को समाप्त होगी। नौ दिवसीय नवरात्रि उत्सव के दौरान, भक्त मां दुर्गा के नौ अवतारों की पूजा करते हैं ताकि उनका आशीर्वाद प्राप्त हो सके।

National News inextlive from India News Desk