सुबह से दिखा असर

सिटी में बंद का असर सुबह से ही दिखने लगा। सिविल लाइंस, बटलर प्लाजा, नावेल्टी जैसे मोस्ट हैप्पनिंग मार्केट्स में भी सन्नाटा पसरा रहा। दुकानों पर ताले जड़े मिले। रोज जिस मार्केट में ट्रैफिक का शोर रहता था, वहां इक्का-दुक्का व्हीकल्स नजर आए।

रोकी ट्रेन, जाम किया हाईवे

समाजवादी पार्टी ने सुबह करीब 10:30 बजे हावड़ा अमृतसर ट्रेन को रोक दिया। इससे कुछ देर के लिए रेलवे ट्रैफिक डिस्टर्ब रहा। यही नहीं कार्यकर्ताओं ने एनएच-24 पर चौपुला चौराहा के पास चक्का जाम कर दिया। पार्टी ने बैलगाड़ी पर रैली निकाली। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष वीरपाल यादव, महानगर अध्यक्ष फहीम अंसारी, प्रदेश प्रवक्ता संजीव यादव, अनिल शर्मा व कार्यकर्ता मौजूद थे। रैली चौपुला चौराहा, अय्यूब खां चौराहा, नावेल्टी चौराहा सहित शहर के अन्य एरिया से गुजरी। बढ़ती मंहगाई के खिलाफ स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया और वामपंथी दलों ने मिलकर पैदल मार्च निकाला। बरेली उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने भी महंगाई का विरोध किया। मंडल ने कुछ दुकानों को जबरन बंद करवाया। इसमें उनकी बहस भी हो गई।

मजदूर और युवा सड़क पर उतरे

पेट्रोल मूल्य में वृद्धि को लेकर भारत बंद में मजदूर मंडल उत्तर प्रदेश के कार्यकताओं ने भी रैली निकाली। रैली गंगापुर से होते हुए अय्यूब खां चौराहे पर समाप्त हुई।

बंद का साइडइफेक्ट

विरोध प्रदर्शन के बीच मार्केट में कुछ शरारती तत्व भी मौके से पकड़े गए। सिविल लाइंस में ओबराय मार्केट के पीछे एक प्रेमी जोड़ा बंद को एंज्वॉय कर रहा था। तभी किसी की नजर उन पर पड़ गई और इसकी सूचना पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पुलिस पहुंची, तब तक वहां से लड़कियां गायब हो चुकी थीं और एक लड़का भी भागने की फिराक में था। पुलिस ने उसे पकड़कर पूछताछ की तो उसने बताया कि वह अपनी फ्रेंड के साथ घूमने आया था। उसने खुद को 12वीं का स्टूडेंट बताया। पुलिस ने उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया। कुछ देर बाद होटल के गार्ड ने बताया कि मार्केट के पीछे एक दुकान का शटर कुछ देर पहले ही बंद हुआ है और ताले खुले हैं। वहां देखा तो एक लड़का कुछ दूर खड़ा दिखा। लोगों ने उससे पूछा तो उसने दुकान का शटर खोला। अंदर से दो लड़कियां भाग कर निकलीं।

घोड़ा-तांगा रैली

भाजपा ने बंद का समर्थन घोड़े व तांगों से रैली निकालकर कुछ अलग अंदाज में किया। रैली शहामतगंज चौराहा, नावेल्टी चौराहा, कुतुबखाना व शहर के कई चौराहों से होकर गुजरी। रैली का संचालन पूर्व सांसद संतोष गंगवार ने किया। रैली में भाजपा के स्थानीय नेता सुधीर जैन, गुलशन आनंद, पुष्पेंद्र कुमार, आदेश कुमार सैनी व सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्ती लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।