नई दिल्ली (एजेंसियां)। Sikkim Flash Flood : सिक्किम में मंगलवार देर रात बादल फटने के बाद तीस्ता नदी में आयी बाढ़ की वजह से यहां पर हालात गंभीर हैं। लाचेन और लाचुंग इलाकों में पर्यटकों, ड्राइवरों और मोटरसाइकिल चालकों सहित लगभग 3,000 लोग फंसे हुए हैं। वहीं स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट डिपार्टमेंट के मुताबिक बाढ़ के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 26 हो गई है। इसके अलावा बड़ी संख्या में लोग लापता है। राहत व बचाव कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। यह बाढ़ पिछले पचास वर्षों में सिक्किम में सबसे भीषण आपदाओं में से एक है।

केंद्र ने सिक्किम को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया

सिक्किम के हालात देखते हुए केंद्र ने एक अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय टीम (आईएमसीटी) का गठन किया है, जो ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड (जीएलओएफ) के कारण हुए नुकसान का आकलन करेगी। सिक्किम में 4 अक्टूबर को तीस्ता नदी में बाढ़ आने से यहां पर बड़ी तबाही हुयी है। गृह मंत्रालय ने अपने एक बयान में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार सिक्किम के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। इतना ही नहीं केंद्र ने सिक्किम सरकार को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।

लापता भारतीय सेना के जवानों की तलाश जारी है

गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य को राहत प्रदान करने में मदद करने के लिए वर्ष 2023-24 के लिए सिक्किम को राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष (एसडीआरएफ) के केंद्रीय हिस्से की दोनों किश्तों की अग्रिम राशि 44.80 करोड़ रुपये जारी करने की मंजूरी दे दी है। इससे प्रभावित लोगों को मदद मिलेगी। वहीं गुवाहाटी में पीआरओ डिफेंस लेफ्टिनेंट कर्नल महेंद्र रावत ने शुक्रवार को कहा, लापता भारतीय सेना के जवानों की तलाश जारी है। वहीं सेना भोजन व चिकित्सा आदि में हेल्प करने में जुटी है।

हेलीकॉप्टर की मदद से फंसे हुए लोग निकाले जा रहे

उत्तरी सिक्किम में फंसे नागरिकों और पर्यटकों को संचार सुविधाएं प्रदान कर रही है। इस बीच नुकसान का आकलन करने और सड़क संपर्क की बहाली की योजना के लिए सभी एजेंसियों द्वारा सर्वेक्षण किया जा रहा है। सिक्किम के मुख्य सचिव विजय भूषण पाठक ने कहा कि सेना और वायुसेना के हेलीकॉप्टरों की मदद से फंसे हुए लोगों को इलाकों से निकाला जा रहा है। साथ ही राज्य सरकार ने सिंगतम, रंगपो, डिक्चू और आदर्श गांव में 18 राहत शिविर स्थापित किए हैं जहां सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है।

National News inextlive from India News Desk