मुंबई (आईएएनएस)। अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के असमय निधन ने उनके परिवार और प्रशसंकों को अंदर से तोड़कर रख दिया है। उनके परिजन उन्हें हर दिन याद करते हैं। सुशांत की बहनों व पिता का बुरा हाल है। सुशांत सिंह राजपूत की बड़ी बहन मीतू सिंह ने शुक्रवार को अपने टि्वटर अकाउंट पर अपने दिवंगत भाई और दिवंगत मां की एक पेंटिंग शेयर की है। पेंटिंग में सुशांत सिंह राजपूत अपनी मां के सामने बैठे हैं। वह अपने दोनों हाथों को जोड़े और उनके चेहरे पर मुस्कान है। वहीं उनकी मां एक हाथ उनके सिर पर रखते हुए उन्हें आशीर्वाद दे रही हैं तो दूसरे हाथ से उनके होठों की मुस्कान को छूने की कोशिश कर रही हैं।


मां और भाई दोनों को बहुत जल्दी खो दिया
एक्टर सुशांत सिंह राजपूत और उनकी मां की इस पेंटिंग में हिंदी में मां शब्द लिखा हुआ है। मीतू सिंह ने ट्विटर पर पेंटिंग को कैप्शन देते हुए लिखा है, मेरी मां मेरी ऊर्जा का स्रोत थीं। मेरा भाई मेरा गर्व था। दोनों को बहुत जल्दी खो दिया। इस दिल टूटने वाले दुख का सामना करने में असमर्थ। 34 वर्षीय बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत का निधन 14 जून को हुआ। वह मुंबई में अपने आवास पर मृत पाए गए थे। उनकी माैत मामले की जांच हो रही है। पेशे से एक क्रिकेटर मीतू सिंह सुशांत सिंह राजपूत की दूसरी बड़ी बहन हैं। सुशांत की मृत्यु से दो दिन पहले 12 जून तक उनकी बहन मीतू सिंह उनके संग बांद्रा स्थित घर में रही थीं।

Bollywood News inextlive from Bollywood News Desk