-आगामी आदेश तक मुस्तैद रहेगा पुलिस बल

-रक्षाबंधन और स्वतंत्रता दिवस भी हैं एक साथ

आगरा। आज सावन का आखिरी सोमवार है और ईद-उल-अजहा भी साथ है। एक तरफ जहां शिव भक्त सुबह से ही मंदिरों में पूजा के लिए उमड़ेंगे तो वहीं मस्जिदों में भी नमाज अता की जाएगी। दोनों पर्वो के एक साथ होने पर शहर में पुलिस अलर्ट पर है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। शनिवार को पुलिस ने संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल मार्च किया था, इसके साथ ही अधिकारियों की मुस्तैदी भी देखी गई। आलाधिकारियों के निर्देश पर सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर किया गया है।

अफवाह फैलाने वालों पर नजर

केन्द्रीय कारागार में कश्मीरी कैदियों, अलगावादियों को लाया गया है। सुरक्षा के लिहाज से बड़ी खुफिया एजेंसियों ने पहले से ही डेरा डाल रखा है। इसके साथ ही भारी मात्रा में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है। पैदल मार्च कर पुलिस की सक्रियता भी दिखाई गई है, जिससे असमाजिक तत्वों पर नजर रखी जा सके।

आगामी आदेश तक मुस्तैद रहेगी पुलिस

जनपद में आगामी आदेश तक फोर्स की तैनाती सुनिश्चित रहेगी। क्योंकि, स्वतंत्रता दिवस व रक्षाबंधन भी एक ही दिन हैं। इसके बाद श्रीकृष्ण जन्माष्टमी है। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में फोर्स की मुस्तैदी के साथ आलाधिकारी भी निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेंगे। सूत्रों का कहना है प्रत्येक जिले में शांति व्यवस्था को कायम रखने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। इसके साथ हर गतिविधि की सूचना उच्चस्तर पर दी जाएगी।

सोशल मीडिया पर रहेगी नजर

जनपद में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए पुलिस टीम सोशल मीडिया पर निगरानी रखेगी। इस संबंध में एडीजी विजय आनंद द्वारा एडवायजरी जारी की गई है, जिसमें महौल खराब करने वाले असमाजिक तत्वों से सख्ती से निपटा जाएगा। सोशल मीडिया पर निगरानी के लिए टीम का गठन किया गया है, जो फेंक मैसेज, वीडियोज सेंड करने वालों पर कार्यवाई सुनिश्चित करेगी।

शहर में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं, लोग किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं दें। शांति व्यवस्था को ध्यान में रख हर्षोउल्लास के साथ त्योहार मनाएं।

प्रशांत वर्मा, एसपी सिटी