कंकरखेड़ा: रुड़की रोड स्थित एकता नगर में मंगलवार देर रात लोगों ने एक मकान में बदमाश घुसे होने की सूचना पर फायरिंग कर दी। कंट्रोल रूम से मिली सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने इस मामले में एक युवक को दबोच लिया। पुलिस ने उसका शांति भंग में चालान कर दिया।

एकता नगर में रोशनपुर डौरली निवासी तपन चौहान ने 2012 में अनिल गर्ग से तीन सौ गज का मकान खरीदा था, जिसमें चरणसिंह किराए पर रह रहा था। आरोप है कि चरण सिंह ने फर्जी तरीके से उसके मकान में से सौ गज का बैनामा प्रदीप को कर दिया। उसको लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा था। मंगलवार देर रात तीन चार युवक बंद पड़े इस मकान में घुस गए। युवकों को दीवार फांदकर मकान में घुसते देख पड़ोसियों ने शोर मचा दिया और फायरिंग शुरू कर दी। कंट्रोल रूम की सूचना पर मौके पर पहुंची कंकरखेड़ा पुलिस ने घटना की जानकारी ली और अरुण निवासी पावटी को दबोच लिया। युवक ने पुलिस को बताया कि वह मकान में सोने आया था। पुलिस ने युवक का शांतिभंग में चालान कर दिया। एसओ महावीर सिंह का कहना है कि मकान को लेकर विवाद चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर है।

पति पर जलाने के प्रयास का आरोप

कंकरखेड़ा: कंकरखेड़ा थाने पहुंची एक महिला ने अपने पति पर मिट्टी का तेल छिड़ककर जलाकर मारने के प्रयास का आरोप लगाया है।

जेवरी निवासी महिला राजेश बुधवार को कंकरखेड़ा थाने पहुंची। उसने पुलिस को बताया कि उसका पति उसके साथ आए दिन मारपीट करता है। उसने विरोध किया तो उसके पति ने उस पर मिट्टी का तेल छिड़कर जलाकर मारने का प्रयास किया। महिला किसी तरह उसके चुंगल से छूटकर भागने में सफल रही। पीडि़त ने अपने पति बिजेन्द्र के खिलाफ तहरीर दी है। एसओ महाबीर सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।