ALLAHABAD: अब इलाहाबाद से रामेश्वरम, अयोध्या और फैजाबाद का सफर आसान होगा। रेलवे द्वारा छह अगस्त से रामेश्वरम और फैजाबाद के बीच साप्ताहिक ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है। यह गाड़ी हर रविवार को रामेश्वरम (16793)) और प्रत्येक बुधवार को फैजाबाद (16794) से चलेगी। दोनों ओर से इसका स्टापेज इलाहाबाद जंक्शन पर दिया गया है। हालांकि इसका उद्घाटन रामेश्वरम में 27 जुलाई को ही विशेष ट्रेन के रूप में किया गया। 30 जुलाई को फैजाबाद से उद्घाटन किया जाएगा। ट्रेन में दो एसएलआर, चार सामान्य, आठ स्लीपर, दो तृतीय श्रेणी, एक द्वितीय श्रेणी वातानुकूलित कोच शामिल किया गया है। रामेश्वरम से फैजाबाद के लिए चलने वाली ट्रेन इलाहाबाद में रात एक बजे आएगी और 25 मिनट स्टापेज के बाद रवाना होगी। फैजाबाद से रामेश्वर जाने वाली ट्रेन सुबह 6:35 बजे इलाहाबाद आएगी और 7:05 बजे रवाना होगी।

अवैध वेंडरों के खिलाफ अभियान

अवैध वेंडरों के खिलाफ स्पेशल टीम की ओर से बुधवार को चलाए गए अभियान में इलाहाबाद जंक्शन पर छह लोगों को पकड़ा गया। इनके पास से काफी मात्रा में खाद्य सामग्री जब्त की गई। तीन हजार रुपए जुर्माना भी वसूला गया। टीम में वाणिज्य, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, इंजीनियरिंग और मेडिकल अधिकारियों को शामिल किया गया है। टीम को ट्रेनों में ओवर चार्जिग के खिलाफ भी अभियान चलाने को कहा गया है। उधर, मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा के नेतृत्व में छिवकी में आठ वेंडरों को पकड़ कर 4955 रुपए जुर्माना लगाया गया।