एक जुलाई 2019 में रोहनिया के गांव बहोरनपुर में घटना को दिया था अंजाम

गिरफ्तारी नहीं होने पर एसएसपी ने 10-10 हजार का घोषित किया था ईनाम

VARANASI

लम्बे समय से फरार गैंगरेप के दो आरोपितों को बनारस पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। दोनों पर 10-10 हजार रुपये का ईनामा था। दोनों आरोपितों से पूछताछ कर रोहनिया पुलिस ने रविवार को जेल भेज दिया। विवेचक मोहित लाल यादव ने बताया कि दोनों आरोपित एक धार्मिक संस्था से जुडे़ हैं। उसी संस्था से पीडि़त महिला भी जुड़ी है। तीनों संस्था के प्रचार-प्रसार के लिए वाराणसी आए हुए थे। इस दौरान दोनों आरोपितों ने महिला के साथ दुष्कर्म किया।

मेरठ में दर्ज था मुकदमा

पुलिस के अनुसार मेरठ निवासी युवक ने स्थानीय थाना में नौ सितंबर 2019 को लिखित सूचना दी कि हमारी पत्नी वाराणसी जिले के रोहनिया थाना क्षेत्र के बहोरनपुर में किराए के मकान में रहती है। एक जुलाई 2019 को चंदन कुमार निवासी गौतमबुद्ध नगर उप्र व संदीप निवासी नई दिल्ली ने कमरे में मेरी पत्नी को बंदकर दुष्कर्म किया। इसका मुकदमा मेरठ जनपद के दौराला थाने में दोनों आरोपितों के खिलाफ दर्ज कर लिया गया, लेकिन घटना स्थल थाना रोहनियां होने के कारण विवेचना को वाराणसी ट्रांसफर कर दिया गया। इस मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए रोहनियां पुलिस ने काफी प्रयास किया जिसमें आरोपितों के खिलाफ कोर्ट ने एनबीडब्ल्यू व कुर्की की भी कार्यवाही का आदेश दिया लेकिन गिरफ्तार नहीं हो सकी। 12 दिसंबर 2019 को एसएसपीवाराणसी की ओर से दोनो आरोपितों के खिलाफ 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया। रोहनिया पुलिस दोनों को सरगर्मी से तलाश करने में जुट गई। नई दिल्ली में लोकेशन मिलने पर रोहनिया पुलिस ने चौकी प्रभारी अखरी नीरज ओझा के नेतृत्व में चार दिनों से दिल्ली में डेरा डाल दिया था। यहां से दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया।