लखनऊ (एएनआई)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से ठीक पहले बुधवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने घोषणापत्र 'उन्नति विधान जन घोषना पत्र-2022' लॉन्च किया। प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का मानना ​​​​है कि उत्तर प्रदेश के लोग एक ऐसी सरकार के लायक हैं जो लोगों के विकास और कल्याण को अपने एजेंडे के केंद्र में रखती है। राज्य के लोगों को ऐसी राजनीतिक व्यवस्था की जरूरत है जो उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सके। यूपी कांग्रेस का उन्नति विधान इसके लिए रास्ता तैयार करेगा। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि घोषणा पत्र के लिए सभी सुझाव उत्तर प्रदेश के लोगों से लिए गए हैं।

अवैध रूप से जेल में बंद लोगों को रिहा किया जाएगा

प्रियंका गांधी ने कहा कि राज्य में 'पत्रकारों के खिलाफ दर्ज मुकदमे खत्म किए जाएंगे और अवैध रूप से जेल में बंद लोगों को रिहा किया जाएगा। शिल्पकारों, बुनकरों, किसानों और पूर्व सैनिकों जैसे समूहों के लिए विधान परिषद में पांच अतिरिक्त सीटें जोड़ी जाएंगी। कांग्रेस के घोषणापत्र के मुताबिक, एससी और एसटी समुदायों के छात्रों को किंडरगार्टन से पोस्ट ग्रेजुएशन तक की मुफ्त शिक्षा दी जाएगी। पदोन्नति में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के सरकारी कर्मचारियों को आरक्षण दिया जायेगा।

स्कूलों में रसोइयों का वेतन बढ़ाकर 5,000 रुपये होगा

कोल समुदाय को आदिवासी जनजाति का दर्जा दिया जाएगा। इसके अलावा, स्कूलों में रसोइयों का वेतन बढ़ाकर 5,000 रुपये किया जाएगा। 'उन्नति विधान जन घोषना पत्र में कोरोना वायरस महामारी में अपनी जान गंवाने वाले कोविड योद्धाओं के लिए 50 लाख रुपये के मुआवजे का वादा किया गया है। अनुभव एवं नियमों के आधार पर तदर्थ शिक्षकों एवं शिक्षा मित्रों को नियमित किया जायेगा। पार्टी ने छोटे उद्यमों को समर्थन देने और उन्हें क्लस्टर घोषित करने का वादा किया।

घोषणापत्र में 20 लाख सरकारी नौकरियों का भी वादा

कोविड से प्रभावित परिवारों को 25,000 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। घोषणापत्र में 20 लाख सरकारी नौकरियों का भी वादा किया है। वहीं पुलिस, स्वास्थ्य सेवा और शिक्षा सहित सार्वजनिक क्षेत्र में 12 लाख रिक्तियों का बैकलॉग भरा जाएगा। इसके अलावा आठ लाख और नौकरियां दी जाएंगी। 403 सदस्यीय उत्तर प्रदेश विधानसभा में सात चरणों में 10 फरवरी, 14, 20, 23, 27, 3 मार्च और 7 फरवरी को मतदान होना है। मतों की गिनती 10 मार्च को है।

पिछले विधानसभा चुनावों में भाजपा 312 सीटें जीती थी

2017 के विधानसभा चुनावों में, भाजपा ने 312 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करते हुए शानदार जीत हासिल की थी। पार्टी ने 403 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव में 39.67 प्रतिशत वोट शेयर हासिल किया। सपा को 47 सीटें, बसपा ने 19 सीटें जीतीं थी। वहीं कांग्रेस पार्टी केवल सात सीटों पर जीत हासिल कर सकी थी।

National News inextlive from India News Desk