आगरा(ब्यूरो)। अयोध्या में 22 जनवरी को श्रीराम मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा समारोह होगा। इस खास दिन को त्योहार के रूप में मनाने के लिए प्रदेश के साथ देशभर में तैयारियां की जा रहीं हैं। ऐसे में आगरा भी इससे कैसे अछूता रह सकता है। स्मार्ट सिटी की ओर से आगरा को राममय बनाने के लिए पूरी तैयारी कर ली गई।

एलईडी पर दिखेगा

इसके तहत शहरभर में जहां स्मार्ट सिटी एलईडी पर रामानंद सागर के रामायण धारावाहिक का प्रसारण किया जाएगा। साईं का तकिया, सूरसदन, कलक्ट्रेट, भगवान टॉकीज समेत 13 स्थानों पर स्मार्ट सिटी की एलईडी लगी हैं।

पीए सिस्टम पर भी प्रसारण
एलईडी स्क्रीन के साथ स्मार्ट सिटी के पब्लिक एड्रेस सिस्टम पर भी धारावाहिक का ऑडियो फॉर्म में प्रसारण होगा। शहर में 43 चौराहों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगा है। पब्लिक एड्रेस सिस्टम से रामायण का प्रसारण होने से पूरा शहर राममय हो जाएगा। इसकी शुरुआत 14 जनवरी से होगी। इसके लिए स्मार्ट सिटी की ओर से समय भी निर्धारित किया गया है। 22 जनवरी तक शाम छह से रात आठ बजे तक इसका प्रसारण होगा।

अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा के साक्षी बनेंगे शहरवासी
अयोध्या में श्रीराम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह के साक्षी शहरवासी भी बनेंगे। इसके लिए शहर के विभिन्न चौराहों पर स्थापित एलईडी स्क्रीन पर अयोध्या से प्राण प्रतिष्ठा समारोह का लाइव टेलीकास्ट किया जाएगा। अयोध्या में हो रहे प्राण प्रतिष्ठा समारोह के साक्षी शहर में रहकर ही लोग बन सकेंगे। एलईडी में रामलला के दर्शन करते हुए मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा का महा आयोजन देखेंगे।

43 चौराहों पर लगे पब्लिक एड्रेस सिस्टम
13 स्थानों पर लगे हैं शहर में एलईडी स्क्रीन


शहर में लगी स्मार्ट सिटी की एलईडी पर धारावाहिक रामायण का प्रसारण किया जाएगा। इसके साथ ही 22 जनवरी को अयोध्या में होने जा रहे श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा आयोजन का लाइव टेलीकास्ट किया जाएगा।
अंकित खंडेलवाल, नगरायुक्त