रेंज में पुलिस ने संदिग्ध लोगों पर की बंपर कार्रवाई

चुनाव के दौरान माहौल प्रभावित करने वालों को किया पाबंद

आगरा। विधानसभा चुनाव के चलते पुलिस कोई रिस्क नहीं लेना चाहती। इस पर पुलिस ने रेंज स्तर पर पाबंद करने की कार्रवाई को अंजाम है। इसमें सबसे अधिक संख्या आगरा की है जबकि फीरोजाबाद दूसरे व मैनपुरी तीसरे स्थान पर है। सबसे कम संख्या मथुरा की है। चुनाव के दौरान होने वाले गतिविधियों में कोई खलल न हो इसके चलते यह कार्रवाई की गई है।

थाना स्तर से तैयार की गई सूची

उच्चाधिकारियों के आदेश पर थाना स्तर से एरिया में चुनाव के दौरान माहौल को प्रभावित करने वाले लोगों की सूची तैयार की गई है। इसमें कुछ नए व कुछ पुराने लोग शामिल हैं। पुलिस पर चुनाव पूरी सुरक्षा में कराने की जिम्मेदारी है। चुनाव से पहले पुलिस किसी प्रकार की लापरवाही नहीं करना चाहती। सभी थाना क्षेत्रों ने अपनी सूची दी है।

मामला बिगड़ने पर होती है कार्रवाई

चुनाव में माहौल खराब होने की आशंका बनी रहती है। ऐसे में माहौल खराब करने वाले तत्व का पता करना पुलिस के लिए टेढ़ी खीर बन जाता है। भीड़ और शोर दोनों ही पुलिस के लिए चैलेंज बने रहते हैं। ऐसे में पहले से पाबंद हुए लोगों से आसानी से पूछताछ हो जाती है। चूंकि पुलिस के पास पहले से उनकी पूरी जानकारी होती है।

आगरा में सबसे अधिक हुए पाबंद

मंडल स्तर पर हुई कार्रवाई में आगरा सबसे आगे रहा। मंडल में करीब 1 लाख 10 हजार लोगों को पाबंद किया है। इसमें आगरा में 44577, फीरोजाबाद में 24000, मैनपुरी में 21000, मथुरा में 19500 लोगों को पाबंद किया गया है। पुलिस इतने लोगों पर चुनाव तक नजर रखेगी साथ ही इनके बारे में समय-समय पर जानकारी भी जुटाती रहेगी।