- जांच में हथियार धारकों पर पाए गए आपराधिक मामले

आगरा। आचार संहिता लागू होने के बाद पुलिस ने लाइसेंसी व अवैध हथियारों को लेकर बड़ी कार्रवाई की है। इसमें ऐसे लाइसेंसी असलहों की भी जानकारी मिली है, जो अपराध में लिप्त हैं। इनके निरस्तीकरण की कार्रवाई चल रही है।

46 लाइसेंस पर कार्रवाई

रेंज में पुलिस ने 46 ऐसे हथियारों को जब्त किया है, जो लाइसेंसी हैं। इनका सत्यापन भी हो चुका है, फिर भी उनके निरस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है। ये लाइसेंस मैनपुरी और फीरोजाबाद में मिले हैं। जिनके आपराधिक रिकॉर्ड हैं। पूर्व में इन असलहों का इस्तेमाल किसी न किसी आपराधिक मामले में किया गया। चुनाव में सुरक्षा के लिहाज से इन असलहों को जब्त किया गया है।

सत्यापन का काम जोरों पर

पुलिस ने जिले में लाइसेंसी हथियारों के सत्यापन का काम तेजी से किया। इस दौरान कई लाइसेंसी धारक पुलिस को मिले ही नहीं। पुलिस ने 12 लाइसेंसों के पते न मिलने पर निरस्तीकरण की कार्रवाई की। सिटी में अब तक 48123 में से 39938 लाइसेंस सत्यापित किए हैं। बचे हुए लाइसेंस का सत्यापन चल रहा है। पुलिस सत्यापित असलहों को जमा करा रही है।

अवैध हथियारों पर कसा जा रहा शिकंजा

आचार संहिता के बाद पुलिस ने सिटी में भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद किए हैं। थाना एत्माद्उद्दौला, थाना सिकंदरा, थाना हरीपर्वत में अब तक फैक्ट्रियां पकड़ी जा चुकी है। सिटी में पुलिस ने अब तक 270 अवैध शस्त्र व चार अवैध असलहों की फैक्ट्री पकड़ी हैं।