आगरा(ब्यूरो)। ठीक वैसे ही सोमवार को मॉल रोड पर आगरावासी अपने परिवार के सदस्यों के साथ घूमने के लिए आए। दिनभर यह सिलसिला चला और रात तक लोग अपने खूबसूरत आगरा को निहारते रहे।

अंतिम दिन पुष्प प्रदर्शनी देखी
माल रोड पर सजी मंडलीय पुष्प प्रदर्शनी का सोमवार को अंतिम दिन था। सुबह से ही आगराइट्स यहां पर पहुंच गए। उन्होंने सुंदर-सुंदर मनमोहक फूलों को यहां पर देखा। इसके साथ ही फूल और पौधों से की गई सज्जा का आनंद लिया। पुष्प प्रदर्शनी देखने आईं आवास विकास निवासी शालू ने बताया कि प्रदर्शनी में काफी अच्छे-अच्छे फूल लगाए गए हैैं। आज प्रदर्शनी का अंतिम दिन है। यहां आकर मुझे लग रहा है कि काश मैैं पहले आई होती।

जी-20 पार्क पर लगी सेल्फी लेने की होड़
माल रोड पर आगे चलकर लाल बहादुर शास्त्री चौक पर बनाए गए जी-20 पार्क को लोगों ने काफी पसंद किया। इस पार्क में जी-20 के लोगो के साथ में एक ग्लोब लगाया गया है। इनके आगे फाउंटेन भी लगाए गए हैैं। दिन में तो यह खूबसूरत लग ही रहे हैैं। रात को इनकी खूबसूरती रंग-बिरंगी लाइट जलने से और ज्यादा बढ़ रही है। सोमवार को यहां पर घूमने आए लोगों की भीड़ लगी रही। यहां पर लोगों ने खूब सेल्फी ली। लोगों ने कहा कि जी-20 पार्क शहर की शान बढ़ा रहा है।

वेस्ट टू वंडर पार्क पर लगी रेलिंग
यूं तो पूरा मॉल रोड ही सुंदर लाइटों से जगमगा रहा है। लेकिन मॉल रोड पर बना वेस्ट टू वंडर पार्क आगराइट्स के लिए वाकई में वंडर बना हुआ है। लोग इसे खूब पसंद कर रहे हैैं। इसमें बने एलिगेटर, वेस्ट मैटेरियल से बना बब्बर शेर लोगों को खूब पसंद आ रहा है। इसके साथ ही गांधी जी के तीन बंदर के साथ बैठा आईफोन चलाता चौथा बंदर काफी चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां पर आए शाकिर ने अपने परिवार को बताते हुए कहा कि यह देखो नए युग का मोबाइल चलाता बंदर। लोग यहां पर काफी फोटो खींच रहे हैैं। अब तक इस पार्क में जाकर लोग फोटो खींच रहे थे। इससे पार्क खराब होने का डर था। अब इस पार्क के आगे रेलिंग लगाने का कार्य किया जा रहा है। जिससे कि पार्क खराब न हो और पब्लिक बाहर से ही इसे देख सके।

सेल्फी प्वॉइंट पर हुआ जलसा
आई लव आगरा सेल्फी प्वॉइंट वैसे तो शहर में पहले भी चर्चा बटोर चुका है। लेकिन नए रूप में इसे काफी पसंद किया जा रहा है। खासकर पुर्तगाल की तर्ज पर लगाए गए अंब्रेला इसकी खूबसूरती में चार चांद लगा रहे हैैं। सोमवार को यहां पर काफी ज्यादा भीड़ रही। लोगों ने जमकर सेल्फी प्वॉइंट पर फोटो खींची। हवा चलने के कुछ अंब्रेला नीचे भी गिर गए तो कुछ अंब्रेला को डेंसिटी ज्यादा होने के चलते एडीए द्वारा भी उतरवा लिया। यहां पर दोस्तों के साथ घूमने आए प्रदीप ने बताया कि शहर काफी खूबसूरत लग रहा है। शहर को ऐसा ही सुंदर रहना चाहिए। समय-समय पर शहर में इवेंट होते रहेंगे तो टूरिज्म को भी बढ़ावा मिलेगा।

चौपाटी पर लिया जायके का मजा
आगरावासियों के लिए एकदम से सुंदर शहर का पैकेज मिल गया है। जी-20 डेलिगेट्स के विजिट के दौरान जोनल पार्क स्थित आगरा चौपाटी का भी शुभारंभ हो गया है। खूबसूरत बनी चौपाटी पर लोग जायकों का तो आनंद ले ही रहे हैैं। यहां पर खूब सेल्फी भी खींच रहे हैैं और रील भी बना रहे हैैं।


शहर काफी सुंदर लग रहा है। हम अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए आए हैैं। क्या पता कल यह सब हट जाए तो।
- शिवम शाक्य, पब्लिक

जी-20 मेहमानों के बहाने शहर को काफी खूबसूरत कर दिया गया है। अब यह खूबसूरती बरकरार रहनी चाहिए। इसमें प्रशासन सहित पब्लिक को भी सहयोग करना चाहिए।
- दीपक राजपूत, पब्लिक

मैैं अपने दोस्तों के साथ मॉल रोड घूमने आया हूं। मैैंने इससे पहले अपना आगरा इतना सुंदर नहीं देखा है। शहर को काफी अच्छा सजाया गया है।
- प्रदीप शर्मा, पब्लिक