- कमिश्नर ने जीवनी मंडी वाटर व‌र्क्स का लिया जायजा

- देखी व्यवस्थाएं

- 160 मी। की पाइपलाइन को भी किया निरीक्षण

आगरा। जीवनी मंडी वाटर व‌र्क्स को नए साल में गंगाजल मुहैया हो जाएगा। जीवनी मंडी वाटर व‌र्क्स पर गंगाजल पहुंचने पर पुराने शहर को पेयजल सुलभ हो जाएगा। मंगलवार को औचक निरीक्षण को पहुंचे कमिश्नर अनिल कुमार ने जीवनी मंडी वाटर व‌र्क्स पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि 160 मी। की जो पाइपलाइन डाली जा रही है, उसका काम नए वर्ष में पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने जल निगम के अधिकारियों के हवाले से बताया कि उसके पूरा होते ही जीवनी मंडी वाटर व‌र्क्स को नए वर्ष के शुरुआत में गंगाजल मिलना शुरू हो जाएगा।

कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश

कमिश्नर ने अधीनस्थ अफसरों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। बता दें कि 160 मी। पाइप लाइन को जुलाई तक बिछाने का कार्य किया जाना था। अग्रवन से वाटर व‌र्क्स तक जून 2018 में एनएचएआई से जल निगम को अनुमति प्राप्त हो गई थी। जुलाई तक काम पूरा होना था। बता दें कि इस लाइन के बिछने के बाद आधे शहर को 200 एमएलडी पानी की आपूर्ति होगी।

शहर की पेयजल आपूर्ति पर एक नजर

शहर में अभी तक 650 किमी। से ज्यादा की पाइपलाइन बिछाई गई है। इससे गंगाजल की आपूर्ति का दावा किया जा रहा है। शहर में 3.50 लाख से ज्यादा आवास है। इसमें लगभग दो लाख घरों में पानी के कनैक्शन हैं। 20 लाख की आबादी वाले शहर में 100 वार्ड हैं। इनमें 18 वार्डो में पानी की पाइप लाइन है। 55 वार्डो में आंशिक रूप से पाइपलाइन बिछी है। 27 वार्ड ऐसे हैं, जहां पाइपलाइन है ही नहीं।

पुराने शहर को होती है पेयजल आपूर्ति

जीवनी मंडी वाटर व‌र्क्स से पुराने आधे शहर को पेयजल आपूर्ति की जाती है। इसमें रावतपाड़ा, दरेसी, बेलनगंज, मोतीकटरा, रावली, कलक्ट्रेट, रकाबगंज, छीपीटोला, नरायच, शाहदरा, एत्माद्दौला, काला महल समेत आधे शहर को आपूर्ति की जाती है। वहीं अभी कुछ ऐसे क्षेत्र भी हैं, जहां अभी तक पाइपलाइन भी नहीं है। इनमें छोटा उखर्रा, बड़ा उखर्रा, बीच का उखर्रा, हिमाचल कॉलोनी, तख्त पहलवान, सराय मलूक चंद समेत दर्जन भर क्षेत्रों में पाइप्ड पेयजल आपूर्ति हेतु कोई पाइपलाइन नहीं है।