मौका देखकर बोला कर्मचारी ने धावा
घटना थाना हरीपर्वत क्षेत्र की है। विजय नगर रोड स्थित सुल्तानगंज में केमिकल व्यापारी दिलीप गुप्ता का निवास है। घर के निचले हिस्से में केमिकल का कारोबार है। परिवार मेें उनकी पत्नी लता गुप्ता और उनके बेटे सुमित और रजत रहते हैं। सुमित का विवाह हो चुका है। उसके एक बेटी है। सोमवार को सुमित की पत्नी अपनी बेटी के साथ मायके गई थी। वहीं दोनों बेटे अपने-अपने काम से बाहर थे। इसी बीच उनके घर तीन बदमाशों ने धावा बोल दिया। घटना से पहले बदमाशों ने रेकी की थी, सीसीटीवी कैमरे में कैद उनका मूवमेंट देखा गया है।


बदमाशों ने दंपति से को दी थर्ड डिग्री
लूट के इरादे से व्यापारी के घर में घुसे बदमाशों ने केमिकल व्यापारी दिलीप गुप्ता और उसकी पत्नी लता गुप्ता को बंधक बना लिया। दोनों को विद्युत वायर से करंट भी दिया गया। विरोध करने पर दिलीप गुप्ता के सिर पर लोहे की रॉड से प्रहार किया गया। इससे वे लहूलुहान हो गए, इससे पत्नी दहशत में आ गई। लूट की घटना को अंजाम देने के बाद वे मौके से भाग निकले।


आवाज सुनकर दौड़े पड़ोसी
पति को बुरी तरह घायल देख पत्नी ने चीखना-चिल्लाना शुरू कर दिया। इससे बदमाशों के पैर उखड़ गए। इससे वे भाग निकले। इसी दौरान पड़ोसियों ने दिलीप के घर से चोर-चोर की आवाजें सुनीं, तो पड़ोसी उषा देवी उनके घर के अंदर घुसी। उन्होंने देखा कि दिलीप गुप्ता और उनकी पत्नी के हाथ-पैर बंधे हुए थे। दिलीप को उन्होंने हिलाया, लेकिन उनके शरीर में हरकत नहीं हो रही थी। जिसके बाद दोनों को अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने दिलीप गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। लूट और हत्या की सूचना मिलने पर पड़ोसी मौके पर जमा हो गए।


सीसीटीवी में भागते नजर आए बदमाश
विजय नगर में पुलिस चौकी से 160 कदम दूरी पर इस घटना को अंजाम दिया गया है। डीसीपी सिटी सूरज राय ने बताया, दोपहर करीब 3 बजे के आसपास उनके यहां काम करने वाला कर्मचारी उनके घर पहुंचा। वह 4 साल से उनके यहां काम करता है। उसके साथ तीन बदमाश और थे। उन्होंने दिलीप गुप्ता और उनकी पत्नी लता गुप्ता के साथ मारपीट की। फिर चारों बदमाशों ने घर में लूटपाट की। दिलीप और उनकी पत्नी ने जब इसका विरोध किया, तो दोनों को फिर पीटने लगे। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज मिला है, जिसमें आरोपी भगाते नजर आ रहे हैं।


सीसीटीवी से निकाल ले गए डीवीआर
घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश सीसीटीवी की डीवीआर डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर भी निकाल कर ले गए। पुलिस आसपास के लोगों और सड़क या दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी की रिकॉर्डिंग चेक कर रही है। पत्नी का इलाज चल रहा है। उनके बेटे की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। डीसीपी सिटी सूरज राय ने बताया कि आरोपियों को पकडऩे के लिए टीम रवाना की हैं। दिलीप गुप्ता के घर के अंदर से लोहे की रॉड मिली है। बदमाश वारदात के बाद इसे छोड़कर भाग गए थे.वहीं घर के बाहर सोने का सेट थैले में पड़ा मिला है।


घटना पर बोले राज्यसभा सांसद
घटना की सूचना मिलने पर सपा के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी ली। मीडिया से बात करते हुए कहा, अगर पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर दिनदहाड़े इस तरह की वारदात हो जाए। तो ये पुलिस के इकबाल को चुनौती है। पुलिस की संख्या ज्यादा होने से फर्क नहीं पड़ता। पुलिस का इकबाल होना चाहिए। ये घटना बहुत ही दुखद है।



सोमवार को दोपहर करीब 3 बजे लता देवी अपने घर की पहली मंजिल से जोर-जोर से चोर-चोर की आवाज लगा रही थी। उषा ने बताया कि उसने लता के घर से तीन लोगों को मुंह पर कपड़ा लपेट कर जाते हुए देखा। उनके हाथ में थैले थे। सड़क पर निकाल कर उन्होंने कुछ थैले फेंक भी दिए।
उषा देवी, पड़ोसी, प्रत्यक्षदर्शी


मैं रोड की दुकानों से कुछ सामान लेकर आ रही थी, तभी दो बाइक सवार चार युवक जाते देखे गए। सभी ने अपने फेस कवर किए थे, इसी बीच दिलीप गुप्ता के घर से चोर-चोर की अवाज आने लगी। तब हम पहुंचे।
रजनी, प्रत्यक्षदर्शी



वारदात में दिलीप गुप्ता के नौकर व तीन अन्य शामिल हैं। उसके बाद बाइक पर बैठकर भाग गए। जो थैले लुटेरे फेंक कर गए थे। उनमें सोने के सेट और सीसीटीवी की डीवीआर थी। दिलीप गुप्ता 10 साल पहले ही यहां रहने आए थे। इससे पहले वह रावत पाड़ा खालसा गली में रहते थे। उनके दो बेटे सुमित और रजत हैं। दोनों ही कारोबार में मदद करते हैं।
सूरज राय, डीसीपी सिटी