बीमारियों पर रोकथाम संभव
हर घर में लोग बीमार हैं, इसमें से तमाम बीमारियों को रोकथाम से रोका जाना संभव है। घर का पौष्टिक आहार, भरपूर नींद, नियमित व्यायाम और तनावमुक्त जीवनशैली से डायबिटीज, हार्ट डिजीज समेत अन्य बीमारियों से बच सकते हैं। सबसे ज्यादा स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बच्चों और बुजुर्गों को हो रही हैं। एसएन मेडिकल कॉलेज के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग की ओर से 144 बुजुर्गों पर की गई स्टडी में 62 प्रतिशत बुजुर्गों का मानसिक स्वास्थ्य गड़बड़ मिला है। इसमें भी बुजुर्ग महिलाओं की संख्या अधिक है।

एसएन की कम्युनिटी मेडिसिन विभाग की अध्यक्ष डॉ। रेनू अग्रवाल निर्देशन में जूनियर डॉक्टर कन्हैया उपाध्याय ने जिले के 60 वर्ष से अधिक आयु के 144 बुजुर्गों पर स्टडी की। इसमें से 62 प्रतिशत बुजुर्गों में मानसिक स्वास्थ्य गड़बड़ मिला, इनकी मानसिक क्षमता कम मिली। इसमें भी महिलाओं की संख्या अधिक रही, 81 प्रतिशत महिलाएं, 61 प्रतिशत विवाहित बुजुर्ग की मानसिक क्षमता कम है। जबकि शिक्षित और अशिक्षित बुजुर्गों की भी मानसिक क्षमता कमजोर मिली। इसके साथ ही बुजुर्गों की मांसपेशियों में भी समस्या मिली। 2011 की जनगणना के अनुसार, आबादी के आठ प्रतिशत बुजुर्ग थे, ये 2036 तक 15 प्रतिशत और 2050 तक 19 प्रतिशत हो जाएंगे। जिरियाट्रिक सोसाइटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष निर्वाचित डॉ। अतुल कुलश्रेष्ठ ने बताया कि बुजुर्गों में डायबिटीज, हार्ट डिजीज, अस्थमा, गुर्दे की समस्या बढ़ रही है इसे बेहतर जीवनशैली से सुधारा जा सकता है।

तर्क वितर्क से सुधरेगी बुजुर्गों की मेंटल हेल्थ
स्टडी के माध्यम से सिफारिश की गई है कि बुजुर्गों को योग और अपने साथियों से तर्क वितर्क और रोजाना एक नए प्रकार का रोचक व्यायाम करना चाहिए। इससे मेंटल हेल्थ ठीक रहती है। बढ़ती उम्र में जीवन की गुणवत्ता को सुधारा जा सकता है।

घर के बजट में इलाज के खर्चे का बड़ा हिस्सा
एक परिवार जिसमें पति, पत्नी के साथ उनके दो बच्चे और बुजुर्ग मां-पिता रह रहे हैं, वे हर महीने घर के बजट का एक बड़ा हिस्सा इलाज पर खर्च कर रहे हैं। बच्चे आए दिन सर्दी जुकाम से पीडि़त हो रहे हैं, आंख और दंत परीक्षण करा रहे हैं। बुजुर्ग माता-पिता की डायबिटीज, हार्ट डिजीज पर हर महीने 1500 से 2000 रुपये खर्च हो रहे हैं। यह खर्चा लगातार बढ़ रहा है।

ये बीमारियां बढ़ीं
डायबिटीज, हार्ट डिजीज, अस्थमा, नेत्र रोग, हड्डी रोग, डिपरेशन, मीनिया समेत अन्य मेंटल प्रॉब्लम।