- नाले की सफाई और अतिक्रमण हटाने पर बनी एक राय

आगरा। हंगामे के स्थगन के बाद दूसरे दिन मंगलवार को छीपीटोला चौराहे का नाम बदलने का प्रस्ताव पास हुआ। इतना ही नहीं, नाले की सफाई और अतिक्रमण हटाने पर भी एक राय बनी। कूड़ा कलेक्शन के नए सिरे से मॉनीटरिंग की जाएगी। इससे पहले काफी हंगामा हुआ। सदन शुरू होने के कुछ ही देर बाद विपक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया। मेयर की डायस तक पहुंच गए। मेयर ने सभी से अपने स्थान पर बैठने का आग्रह किया। इसके बाद सदन में हंगामा शांत हो गया। बीच-बीच में हंगामा होता रहा। कई प्रस्तावों पर चर्चा हुआ।

बदला जाएगा चौराहे का नाम

अब छीपीटोला चौराहे को महावीर स्वामी चौक के नाम से जाना जाएगा। मंगलवार को सदन में इसका प्रस्ताव पार्षद सपना जैन ने रखा। इस प्रस्ताव को सर्व सम्मति से इसको पास कर दिया गया। इस चौराहे का सौन्दर्यीकरण भी किया जाएगा। इस दौरान पार्षद रवि शर्मा और शरद चौहान ने नालों की सफाई और अतिक्रमण का मुद्दा उठाया। इस प्रस्ताव को भी पास कर दिया गया। इस पर मेयर नवीन जैन ने कहा कि 5 लाख तक के सीवर और पानी की पाइपलाइन का प्रस्ताव, 10 लाख के निर्माण कार्य के प्रस्ताव तीन दिन में बनाकर दें। कुल 20 लाख का प्रस्ताव देंगे। इस दौरान सीवर का प्रस्ताव नहीं दिया तो उसका निर्माण प्रस्ताव में नहीं जुड़ेगा। पिछले डेढ़ महीने में जिनके प्रस्ताव बनवाए हैं, वे प्राथमिकता के आधार पर काम करा लें। इस दौरान 52 प्रस्तावों पर चर्चा की गई।

पार्षद बोले नहीं हो रही सफाई

वार्ड 87 के नवल तिवारी ने कहा कि उनके वार्ड में प्रॉपर सफाई नहीं हो रही है। सफाई कर्मचारी सुबह से रात तक गायब रहते हैं। सुभाष भिलावली ने कहा कि मलिन बस्तियों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। गुड्डू राठौर ने डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन को बढ़ावा देने की बात उठाई। ओपी धाकड़ ने एमजी रोड की सफाई के लिए अलग से सफाई कर्मचारियों की व्यवस्था करने की बात कही। पार्षद कन्हैया लाल ने कहा कि मेरे वार्ड से 10 कर्मचारी हटा दिए गए हैं। इससे सफाई में परेशानी आ रही है। श्यामवीर सिंह ने वार्ड में जलभराव की समस्या को प्रमुखता से उठाया। कमलेश ने आवारा पशुओं का मुद्दा उठाया। संजीव चौबे ने नालों की तलीझाड़ सफाई का मुद्दा उठाया। बबलू लोधी ने सड़कों के किनारे आवारा मवेशियों की रोकथाम के लिए बेरिकेडिंग करने की बात कही। पार्षद पंकज माहौर ने डलावघरों की नियमित सफाई करने की बात कही। जगदीश पचौरी ने डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए वार्ड में ट्रैक्टर की व्यवस्था करने की बात कही। राहुल चौधरी ने शंकरगढ़ की पुलिया के निर्माण की बात उठाई। श्रवण कश्यप ने कहा कि वार्ड 86 में 44 कर्मचारी हैं। 10 कार्य कर रहे हैं। मंजू वाष्र्णेय ने जलभराव की बात उठाई। शरद चौहान ने नालों की सफाई की बात कही। इसके अलावा रवि शर्मा, बच्चू सिंह, नेहा गुप्ता, कर्मवीर, राजेश प्रजापति, अनुराग चर्तुर्वेदी, गुलाब सिंह ने भी अपने -अपने प्रस्तावों को सदन में रखा। इसके अलावा कांग्रेस के शिरोमणि सिंह ने नाला निर्माण और जलभराव की समस्या को उठाया, धर्मवीर सिंह और मनोज सोनी ने मलिन बस्तियों में सफाई के मुद्दे को उठाया। मोहन सिंह लोधी, प्रकाश केसरवानी ने भी प्रस्ताव रखे।

ये प्रस्ताव हुए पास

- सदन में चर्चा के दौरान मनोज सोनी के प्रस्ताव नालों की सफाई और अतिक्रमण हटाने के प्रस्ताव को पास कर दिया गया। इस बारे में मेयर ने नालों की सफाई और अतिक्रमण हटाया जाएगा।

- पार्षद सपना जैन ने सदन में प्रस्ताव रखा कि छीपीटोला चौराहे का नाम महावीर स्वामी चौक किया जाए। इसके अलावा चौराहे का सौन्दर्यीकरण किया जाए। इस प्रस्ताव को पास कर दिया गया।

- बेलनगंज चौराहे से पथवारी देवी मंदिर तक मार्ग का नाम रोशनलाल गुप्ता करुणेश नाम किया जाएगा।

- पुरानी टंकियों को गिराया जाएगा। रवि शर्मा के इस प्रस्ताव को पास कर दिया गया।

- पार्षदों के स्टडी टूर के प्रस्ताव को पास कर दिया गया। स्टडी के लिए अंडमान निकोबार द्वीप समूह पर जाएंगे। राकेश जैन के इस प्रस्ताव को पास कर दिया गया।

- रवि बिहारी माथुर डस्टबिन खरीदने और जालीदार रिक्शा खरीदने में की गई लापरवाही में दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए। कूड़ा कलेक्शन के लिए नए सिरे से योजना बनाकर काम किया जाए। वायु की गुणवत्ता के सुधार के लिए कार्य किया जाए।