AGRA (25 July): आवास विकास सेक्टर-2 में क्लोरीन गैस के सिलेंडर से रिसाव होने के कारण लोगों की जान पर बन आई। हालात इस कदर बिगड़े कि लोग घरों में ताला डालकर जाना पड़ा। आस-पास के स्कूल व अस्पताल को खाली कराना पड़ा। सिलेंडर टैंक में डुबोने तक राहत में जुटे फायर ब्रिगेड और अन्य विभागों के कई कर्मचारियों की हालत बिगड़ गई। कई बच्चों को उल्टियां हुई। एंबुलेंस भी बुला ली गई।

एक दिन पहले से हो रहा था रिसाव

आवास विकास में सेंट्रल पार्क के बराबर पंपिंग स्टेशन बना हुआ है। वहीं पर पानी की टंकी भी है। 2006 में पंपिंग स्टेशन जल संस्थान के हैंड ओवर है। लोगों ने बताया कि पिछले दस साल से पानी की टंकी के पास एक क्लोरीन गैस से भरा सिलेंडर लावारिस अवस्था में रखा था। सिलेंडर में 900 किलोग्राम क्लोरीन गैस भरी थी। रविवार शाम साढ़े छह बजे करीब सिलेंडर का बॉल्व खुल गया। इससे क्लोरीन गैस रिसने लगी। सोमवार सुबह छह बजे से रिसाव तेज हो गया।

घर छोड़कर भागे परिवार

परिसर में तीन परिवार रहते हैं, जिनमें विनोद पत्‍‌नी सरोज व दो बच्चों के साथ, हुकुम सिंह पत्‍‌नी मिथलेश व पुत्रवधू गीतिका व बेटे रूपेश के साथ के अलावा राजकुमार पत्‍‌नी अलका व बेटी मुस्कान व अंशू के साथ रहते हैं। कूलर के जरिए गैस घरों में तेजी से जाने लगी। परिवार के सदस्यों को उल्टियां होने लगी। सैंट जेवियर कॉन्वेंट स्कूल में बच्चों को उल्टियां होनी शुरु हो गई। आनन-फानन में स्कूल की छुट्टी कर दी। सात घंटे बाद सिलेंडर को पानी में डुबाया गया।